चार माह की निद्रा के बाद मंगलवार को देव (भगवान विष्णु) निद्रा से उठेंगे। शास्त्रों के अनुसार कार्तिक शुक्ला एकादशी (जिसे देवउठनी या देव प्रबोद्यिनी एकादशी) कहते हैं। इस दिन से मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। इस दिन कई स्थानों पर विवाह समारोह के आयोजन होंगे। कुछ समाजों के सामूहिक विवाह समारोह भी होंगे। कई घरों में भी इस दिन विवाह आयोजन होंगे।
देवउठनी एकादशी को होते है विवाह के लिए अबूझ मुहूर्त
पंचागकर्ता पंडित राजेन्द्र किराड़ू ने बताया कि देवउठनी एकादशी को विवाह के लिए अबूझ मुहूर्त शास्त्रकारों ने स्वीकार किया है। इसी दिन बीते चार माह से चले आ रहे चातुर्मास व्रत की पूर्णाहुति हो जाएगी। अगले दिन बुधवार को द्वादशी पर शहर में कई स्थानों पर चातुर्मास उपवास पूरा होने के अनुष्ठान होंगे। इसमें जिन महिलाओं ने चार माह तक उपवास किया था, वह इसका उद्यापन करेगी। हवन में आहुतियां देंगी।
अस्त है गुरु ज्योतिष जानकारों के अनुसार इस बार एकादशी के दिन तक बृहस्पति ग्रह (तारा) अस्त होने के कारण विवाह के आयोजन कम होंगे, लेकिन अबूझ सावे की मान्यता होने के कारण लोग मांगलिक कार्य करेंगे। इस दिन तुलसी विवाह का भी विधान है। कार्तिक शुक्ला एकादशी से पूर्णिमा तक भीष्म पंचक व्रत भगवान विष्णु की प्रसन्ता के लिए किया जाएगा।
11 नवंबर को उदय होगा गुरु बृहस्पति (गुरु) 6 अक्टूबर को अस्त हुआ था, जो 11 नवंबर को उदित होगा। इसके बाद सभी मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। पंचागकर्ता किराड़ू के अनुसार 11 नवंबर के बाद विवाह के लिए 23 व 28 नवंबर को श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा।
15 दिसंबर को फिर से तारा हो जाएगा अस्त
इसके बाद 3, 4, 10 और 11 दिसंबर तक विवाह के लिए श्रेष्ठ सावे रहेंगे। इसके बाद 15 दिसंबर को फिर से शुक्र (तारा) अस्त हो जाएगा। यह तारा तीन फरवरी तक अस्त रहेगा। इस समयवधि में मांगलिक कार्यक्रम नहीं हो पाएंगे। इसके उदय के बाद फिर शुभ काम होने लगेंगे।