25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों का 450 करोड़ का भुगतान बकाया

कांग्रेस सरकार किसानों के कर्जमाफी की बात कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंगफली के रुपए भी किसानों को नहीं दे पा रही है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद शुरू हुई थी। बीकानेर और चूरू जिले में ही 15 अक्टूबर,2018 से अब तक करीब 633 करोड़ रुपए की मूंगफली सरकारी कांटों से खरीदी गई, लेकिन अभी तक 165 करोड़ रुपए का ही भुगतान किया गया है।
2 min read
Google source verification
farmers

farmers

जयभगवान उपाध्याय
बीकानेर. कांग्रेस सरकार किसानों के कर्जमाफी की बात कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंगफली के रुपए भी किसानों को नहीं दे पा रही है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद शुरू हुई थी। बीकानेर और चूरू जिले में ही 15 अक्टूबर,2018 से अब तक करीब 633 करोड़ रुपए की मूंगफली सरकारी कांटों से खरीदी गई, लेकिन अभी तक 165 करोड़ रुपए का ही भुगतान किया गया है।

31 जनवरी को समर्थन मूल्य खरीद का आखिरी दिन है, एेसे में अब खरीद प्रक्रिया और शेष भुगतान को लेकर असंमजस बना हुआ है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में मूंगफली की समर्थन मूल्य पर खरीद प्रक्रिया पिछले साल 15 अक्टूबर से शुरू हुई थी। इसमें बीकानेर और चूरू जिले में करीब ३७ लाख बोरी मूंगफली खरीदी गई।

इसकी कीमत करीब 633 करोड़ रुपए है। इस राशि का किसानों को भुगतान किया जाना है। हालांकि पूर्व सरकार ने 165 करोड़ रुपए किसानों के बैंक खातों में डाल दिए थे, लेकिन शेष भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।


कांग्रेस नहीं कर पाई भुगतान : बीकानेर और चूरू जिलों में किसानों को 14 दिसम्बर, 2018 के बाद कोई भुगतान नहीं हुआ है। एेसे में कहा जा सकता है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को मूंगफली खरीद का एक रुपया भी नहीं दिया गया है। दोनों जिलों में करीब 450 करोड़ से अधिक रुपए किसानों को चुकाने हैं।

काश्तकार लगा रहे चक्कर
बीकानेर अनाज मण्डी में मूंगफली के रुपए लेने के लिए चक्कर काट रहे काश्तकार मांगीलाल जाट ने बताया कि एक तरफ कांग्रेस सरकार किसानों के कर्जमाफी की बात कर रही है, वहीं उसके पास किसानों को रुपए चुकाने के लिए भी पैसे नहीं है। समर्थन मूल्य पर मूंगफली बेचे डेढ़ माह से अधिक समय हो गया, लेकिन अभी तक रुपए नहीं मिले हैं। रोजाना मण्डी के चक्कर लगाते हैं, लेकिन अधिकारी संतोषजनक जवाब भी नहीं देते।

सीधे बैंक खातों में होगा भुगतान
राज्य सरकार सीधे किसानों के बैंक खातों में मूंगफली का भुगतान करेगी। वंचितों को भुगतान कब होगा, इस संबंध में मैं कुछ नहीं बता सकता। राजफैड को खरीद प्रक्रिया की सूचियां भेजी जाती हैं।
नवरंग लाल बिश्नोई, उप रजिस्ट्रार, सहकारी समिति