
पत्रिका न्यूज नेटवर्क/ बीकानेर। शिक्षा विभाग के पूरे प्रदेश के 734 अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों को प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति दी गई है। इस संबंध में शिक्षा निदेशक कानाराम ने आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि कार्मिकों को नवीन पदस्थापित स्थान पर 22 सितंबर तक आवश्यक रूप से कार्यग्रहण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर स्वत: ही स्वेच्छा से पदोन्नति का परित्याग समझा जाएगा। निलंबित चल रहे कार्मिकों को पदोन्नति पर कार्यमुक्त तथा कार्यग्रहण नहीं कराया जाएगा। अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी कार्मिक को बिना निदेशालय की अनुमति के कार्यग्रहण नहीं कराया जाएगा। इसके अलावा जो कार्मिक पदोन्नति परित्याग करना चाहते हैं, उनसे लिखित में पदोन्नति परित्याग प्रार्थनापत्र अंतिम तिथि तक प्राप्त कर इसकी सूचना संबंधित संयुक्त निदेशक को भेजनी होगी। साथ ही कार्मिकों को कार्यमुक्त एवं कार्यग्रहण करने की कार्रवाई शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ही करानी होगी।
निजी सहायकों की भी पदोन्नति: शिक्षा विभाग में 18 निजी सहायक ग्रेड प्रथम को भी अतिरिक्त निजी सचिव पद पर पदोन्नति दी गई है। उन्हें 22 सितंबर तक कार्य ग्रहण करना होगा। अगर कोई कार्मिक पदोन्नति का परित्याग करना चाहत है, तो उसे इसकी सूचना पांच अक्टूबर तक देनी होगी।
इन पदों पर हुए पदोन्नत: मंत्रालयिक संवर्ग में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी से प्रशासनिक अधिकारी पदों पर 734 ,प्रशासनिक अधिकारी से संस्थापन अधिकारी पदों पर 30, निजी सहायक ग्रेड द्वितीय से निजी सहायक ग्रेड प्रथम के पद पर दो, निजी सहायक ग्रेड प्रथम से अतिरिक्त निजी सचिव के पदों पर 18 तथा अतिरिक्त निजी सचिव से निजी सचिव के पद पर एक कार्मिक को पदोन्नति दी गई है।
Published on:
9 Sep 2023, 2:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.