
International Conference at Binnani College
बीकानेर. इयारीज नाम संगठन एवं बिन्नाणी कॉलेज की ओर से गुरुवार को बिन्नाणी कॉलेज में दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज हुआ। इयारीज के सचिव हरदेव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया।
इयारीज की सीईओ डॉ. नीलम रायसिंघानी ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिका शिक्षा की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्रों में इस प्रकार के सम्मेलन आयोजित कर शिक्षा को बढ़ावा देना है। इयारीज की ओर से रूस, अमेरिका, सिंगापुर, थाईलेण्ड तथा चीन आदि देशों में भी इस प्रकार के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। अध्यक्षता थाईलेण्ड की प्रो. टसैनी ने की। मुख्य अतिथि रहे वेटरनरी विवि के कुलपति डॉ. विष्णु शर्मा ने कहा कि अन्तर विषयक शोधों की महती आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान की खोजों का समाज को लाभ मिलना चाहिए।
मुख्यवक्ता राजकीय महाविद्यालय पटियाला डॉ. संगीता हाण्डा ने कहा कि थाईलेण्ड में बालिकाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होनें अपने देश में पीपीपी मोड पर चल रहे बालिका शिक्षा संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि शिक्षा केवल क्लास रूम तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका शिक्षा के अतिरिक्त स्वास्थ्य, समाज के हर वर्ग के उत्थान में उपयोग होना चाहिए। आयोजन सचिव डॉ. गजानन्द ने कहा कि शिक्षा का मूल अर्थ जागरूकता है। बिन्नाणी कॉलेज के सचिव गौरीशंकर व्यास ने कहा कि शहर के अन्दरूनी क्षेत्रों में बिन्नाणी कॉलेज महती भूमिका निभा रहा है। इस दौरान शहर के कई लोग उपस्थित रहे।
Updated on:
26 Oct 2018, 11:40 AM IST
Published on:
26 Oct 2018, 11:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.