
स्कूल भवन को यथावत रखने को लेकर धरने पर बैठे, आश्वासन बाद ग्रामीणों ने खोला ताला
छत्तरगढ़़. ग्राम पंचायत मोतीगढ़ में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को यथावत स्थान पर रखने को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने मुख्यद्वार पर ताला लगा दिया। छत्तरगढ़़ तहसील प्रशासन के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने ताला खोला। ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच रामसिंह भाटी के नेतृत्व में वर्तमान स्कूल भवन में पढ़ाई व्यवस्था जारी रखने एवं बच्चों के सुरक्षा की दृष्टि के अनुरूप नए स्कूल भूमि आवंटित को रद्द करने को लेकर कई बार मांग उठाई लेकिन किसी अधिकारी ने नहीं सुनी। भाटी ने बताया कि नई आवंटित स्कूल भूमि गांव से करीब दो किलोमीटर दूर मुख्य सड़क पर है जो विशेषकर लड़कियों के लिए उपयुक्त नहीं है। मुख्य सड़क के किनारे हर समय हादसे की आशंका रहती है।
बुधवार सुबह तालाबंदी की सूचना पर तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार जाखड़ और थानाधिकारी संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथर ग्रामीणों की समस्या को सुना और मौका मुआयना कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने ताला खोला दिया। ग्रामीणों के अनुसार आगामी दिनों में मांग को पूरा नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन तथा तालाबंदी करेंगे। प्रदर्शन में शेरे खां, उप सरपंच छैलूसिंह, लक्ष्मणसिंह, जेठाराम, कालुसिंह, मंजू कंवर, ओमप्रकाश, असरफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Published on:
31 Jan 2019 06:47 am
