
भले ही आवासन मण्डल अपनी कॉलोनियों के विकास को लेकर कुछ भी कहें मगर मुक्ता प्रसाद कॉलोनी की सड़कों की बदहाल स्थिति आवासन मण्डल के दावों की पोल खोलने के लिए पर्याप्त है। कॉलोनी के विभिन्न सेक्टरों की सड़कों पर जगह-जगह पड़े गड्ढे, नालियों के टूटे क्रॉस, सड़कों पर निकल आए पत्थर सड़कों की स्थिति को बयां कर रहे हैं।
ऐसा नहीं है कि कॉलोनी की सड़कों के डामरीकरण के लिए टेण्डर नहीं हुआ हो, टेण्डर हो जाने के करीब तीन वर्षो के बाद भी आवासन मण्डल संबंधित फर्म से यह कार्य नहीं करवा पाया है। सड़क निर्माण को लेकर हुए सड़कों के डब्ल्यूबीएम कार्य में उपयोग लिए गए पत्थर और मिट्टी भी अब उखड़ चुके हैं। पहले क्षेत्र में सीवरेज लाइन कार्य और बाद में आवासन मण्डल की उदासीनता के चलते रूके रहे सड़क निर्माण का कार्य वर्षो बाद भी पूरा नहीं हो पाया है व आमजन टूटी सड़कों के कारण परेशान हो रहा है।
नालियों पर पट्टियांव टूटे क्रॉस
कॉलोनी की विभिन्न सड़कों की नहीं बल्कि नाले-नालियों पर बने क्रॉस की स्थिति भी कई जगह खराब है। नालियों पर लगाई गई पट्टियों के समतल नहीं होने, एक पट्टी से दूसरी पट्टी में गेप होने, टूटे क्रॉस के कारण वाहन चालक परेशान होते हैं। गलियों में कई नालियों पर क्रॉस ही नहीं लगे होने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हर सेक्टर में बदहाल सड़कें
कॉलोनी के लगभग हर सेक्टर में मुख्य सड़कों सहित अन्दरूनी सड़कों की स्थिति बदहाल है। डामरीकरण नहीं होने से कई सड़कों पर पत्थर उखड़ गए हैं व जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों में नालियों का पानी भरा रहने से लोग परेशान हो रहे है। गड्ढों के कारण दुपहिया वाहन चालक भी गिरकर घायल हो रहे है। सीवरेज लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों की मिट्टी भी पूरी तरह समतल नहीं होने से कई जगहों पर सड़कें उखड़-खाबड़ बनी हुई हैं।
करेंगे नए टेण्डर
मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में सड़कों के निर्माण को लेकर पूर्व में जो टेण्डर हुए थे, उसमें डब्ल्यूबीएम का कार्य हो गया। सीवरेज लाइन कार्य के कारण डामरीकरण का कार्य रह गया। टेण्डर पुराना हो गया है। संबंधित फर्म भी अब डामरीकरण के कार्य को करने को तैयार नहीं है। ऐसे में सड़क निर्माण के लिए अब नए टेण्डर किए जाएंगे।
एम सी उपाध्याय, उपायुक्त, आवासन मण्डल बीकानेर।
आमजन परेशान
एमपी कॉलोनी के सभी सेक्टरों में सड़कों की स्थिति बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे हैं। सीवरेज के लिए खोदे गए गड्ढों से सड़कों पर चलना मुश्किल बना हुआ है। आमजन परेशान है। जिस फर्म को सड़क निर्माण का कार्य दिया हुआ था, वह फर्म कार्य करने को तैयार नहीं है फिर भी विभाग नए टेण्डर नहीं कर रहा है। सड़कों के साथ नालियों के क्रॉस भी बदहाल स्थिति में है।
राजेन्द्र कुमार शर्मा, पार्षद
Published on:
25 Oct 2017 09:29 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
