शहर की सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को लेकर गुरुवार को भाजपा पार्षदों के सब्र का बांध टूट गया। नगर निगम आयुक्त की प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के दौरान पार्षदों ने कम्पनी प्रतिनिधियों पर काम नहीं करने के आरोप लगाए व गली-मोहल्लों में छाए अंधेरे को लेकर खरी-खरी सुनाई। आरोप-प्रत्यारोपों के बीच ही सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था पर हुई बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई।
उप महापौर अशोक आचार्य व पार्षद राजेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने आयुक्त निकया गोहाएन की मौजूदगी में प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कम्पनियों की ओर से शहर में किए जा रहे आधे-अधूरे व धीमे कार्यों पर रोष जताया।
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था से संबंधित एक भी काम पूरा नहीं हुआ है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य मार्गों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों तक बंद लाइटों के कारण अंधेरा रहता है। भाजपा पार्षदों के आक्रोश के कारण बैठक भी बीच में ही समाप्त हो गई।
स्विच वायर का भी काम पूरा नहीं भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था चरमराई हुई है। निगम प्रशासन 22 वार्डों में ही स्विच वायर का काम पूरा होने की बात कह रहा है, लेकि वास्तविकता में इन वार्डों में भी यह काम पूरा नहीं हुआ है। कम्पनी बंद लाइटों को शुरू करने, शिकायतों के निस्तारण पर भी ध्यान नहीं दे रही है और न ही आमजन व पार्षदों की सुनवाई कर रही हैं।
पार्षद राजेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि वार्डों में नई लाइटें कब लगेंगी, किसी को पता नहीं है। इस दौरान दिनेश उपाध्याय, जगदीश मोदी, श्याम सुन्दर चांडक, दुलीचंद शर्मा, अजय सिंह राजपुरोहित और पंकज गहलोत, शंभू गहलोत, मधु सूदन शर्मा आदि उपस्थित थे।
आयुक्त ने ये दिए निर्देश आयुक्त गोहाएन ने बैठक में कम्पनियों के प्रतिनिधियों को शहर में नई लाइटें लगाने, बंद लाइटों को शीघ्र ठीक करने, स्विच वायर लगाने के कार्य में गति लाने और बंद लाइटों के सर्वे व शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान निगम की विद्युत शाखा के अधिकारियों ने कम्पनी प्रतिनिधियों की ओर से किए जा रहे कार्यों पर नाखुशी जताई।
केईएम रोड पर लाइटें नहीं लगने को भी गंभीरता से लिया गया। बैठक में निगम एईएन हरीश जैन, कम्पनियों के प्रतिनिधि गिरिजा शंकर, कार्तिक व्यास, सत्यव्रत, पंकज, विभोर शर्मा, विकाश शर्मा, निगम की विद्युत शाखा के जेईएन भी मौजूद थे।