
प्रदर्शन
बीकानेर. राजस्थान प्र्रबंधकीय महासंघ के नेतृत्व में एनआरएचएम कर्मचारियों का धरना लगातार जारी है। रविवार को एनआरएचएम कर्मचारियों ने सुराज संकल्प यात्रा घोषणा-पत्र व मिशन निदेशक नवीन जैन के आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे एनआरएचएम कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही है, अब कर्मचारी आंदोलन को उग्र करेंगे।
फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने एनआरएचएम कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हर्ष ने कहा कि सरकार एनआरएचएम कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही है। एसोसिएशन एनआरएचएम कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन में काली पट्टी बांधकर कार्य बहिष्कार करेगी। धरने पर अमित, गंगाजल, सहीराम, सीपी व्यास, आनन्द पुरोहित, शिव व्यास, राखी जोशी, हरिओमशंकर, गणेश, रेखा, जितेन्द्र छंगाणी, डूंगरदत्त रंगा आदि कार्मिक उपस्थित थे।
रोडवेज बचाने का संकल्प लेने का आह्वान
बीकानेर. आरएसआरटीसी रिटायर्ड एम्प्लॉइज एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को केन्द्रीय बस स्टैण्ड परिसर पर रोडवेज का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान हुई सभा में शाखा सचिव गिरधारी लाल ने कहा कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की स्थापना एक अक्टूबर , 1964 को आरटीसी एक्ट-1950 के तहत केन्द्र व राज्य सरकार की संवैधानिक मान्यता पर की गई थी। निगम ने नई बसें खरीदी, विभिन्न जिलों में बस स्टैण्ड, आगार कार्यशाला, मुख्यालय बनवाए।
निगम की स्थापना का मुख्य उद्देश्य बिना कोई लाभ-हानि के कम किराए में सुरक्षित व आरामदायक यात्री सुविधा देना था। महावीर सिंह सांखला ने कहा कि रोडवेज ने कई उतार-चढ़ाव व समझौते देखे हैं। इस मौके पर सभी कर्मचारियों ने रोडवेज बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। सभा में विक्रम सिंह,रणजीत सिंह, एटक यूनियन के सचिव मोहम्मद साबिर, भागीरथ आदि ने विचार रखे।
Published on:
2 Oct 2017, 12:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.