बीकानेर .पीबीएम से संबद्ध श्रीमती सूरजदेवी मोतीलाल दुग्गड़ यूरो साइंसेज राजकीय अस्पताल में चिकित्सकों ने ५० वर्षीय एक व्यक्ति के गुर्दे के कैंसर और बड़ी रक्त वाहिनी (लेवल-२ आईवीसी थ्रॉमबस) का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया है। चिकित्सकों का दावा है कि इस तरह का जटिल ऑपरेशन यूरो साइसेंज में पहली बार हुआ है।
बीकानेर निवासी ५० वर्षीय भगवानाराम ११ अप्रेल को यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती हुआ, जिसके पेट के दांयी तरफ गांठ थी जो लगातार बढ़ रही थी। पीडि़त मधुमेह से भी ग्रस्त था। यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश आर्य एवं डॉ. जेपी स्वामी ने मरीज का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उसके बाद उसकी सिटी स्केन कराई, जिससे पता चला कि मरीज के दाएं गुर्दे में १०.९ व ९.८ सेमी की गांठ है।
यह गांठ बड़ी रक्त वाहिनी में ५-६ सेमी तक फैली हुई थी। एनेस्थिया व अन्य चिकित्सकों से सलाह कर २८ अप्रेल को ऑपरेशन किया गया। डॉ. स्वामी ने बताया कि गुर्दें के कैंसर में ऑपरेशन के परिणाम बेहतर होते हैं। इस कैंसर में कीमोथैरेपी व रेडियोथैरेपी प्रभावी नहीं होती। ऑपरेशन के दौरान आईवीसी (बड़ी रक्त वाहिनी) में कैंसर का टुकड़ा टूट कर चला जाए तो मौत भी हो सकती है। ऑपरेशन के बाद मरीज अब स्वस्थ हैं। मधुमेह नियंत्रित है। बुधवार को उसे डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है।
ऐसे किया ऑपरेशन दाएं गुर्दे को मोबिलइस कर रक्त वाहिनी पर ऊपर एवं नीचे क्लाम्प लगाकर कैंसर की गांठ को निकाला गया। रक्तवाहिनी में क्लाम्प लगाने पर मरीज का ब्लड प्रेशर कम हो गया, जिसे दवाओं से स्थिर किया गया। ऑपरेशन से पहले मरीज को सात यूनिट रक्त चढ़ाया गया। ऑपरेशन में करीब साढ़े तीन घंटे लगे।
ऑपरेशन की टीम डॉ. मुकेश आर्य, डॉ. स्वामी, डॉ. मयंक बैद, डॉ. अमित संधु, एनेस्थिसिया डॉ. अनिता पारीक, डॉ. लक्ष्मी गिल, डॉ. शिवा, डॉ. अशोक सहित नर्सिंगकर्मी राजश्री, मनीष ने सहयोग किया।
गुर्दें के कैंसर व लेवल 2 आईवीसी थ्रॉमबस का सफल ऑपरेशन किया गया। इस तरह का यहां पहली बार ऑपरेशन हुआ है। मरीज का नि:शुल्क इलाज किया गया है। डॉ. आरपी अग्रवाल, प्राचार्य एसपी मेडिकल कॉलेज