
leader
दिनेश स्वामी/बीकानेर. लोकसभा आरक्षित सीट बीकानेर और श्रीगंगानगर से चुनावी दंगल में कूदने के लिए आइएएस-आइपीएस सहित कई अफसर कतार में है। भाजपा की ओर से पूर्व आइएएस अर्जुनराम मेघवाल को बीकानेर से लगातार दो बार चुनाव लड़ाकर सफलता प्राप्त करने के बाद अब कांग्रेस भी इसी राह पर चलने के लिए आतुर दिख रही है।
बीकानेर से एक आइपीएस और एक आइएएस खुलकर सामने आ चुके हैं। वहीं बीकानेर से भी एक आइपीएस व एक आइएएस खुलकर दावेदारी ठोक चुके है। साथ ही आंतरिक रूप से दोनों सीटों पर चार आइएएस और तीन अन्य अधिकारी राजनीतिक दलों के सम्पर्क में है। बीकानेर-श्रीगंगानगर सीटों पर कांग्रेस की टिकट के लिए ज्यादातर अफसर कतार में है।
वही भाजपा में भी दो-तीन सरकारी अधिकारी टिकट के प्रयास में है। दोनों आरक्षित सीटों पर कांग्रेस पिछले चुनाव में भी स्थानीय मजबूत प्रत्याशी नहीं होने बाहर से नेता को लाकर आजमा चुकी है। पिछले २०१४ के चुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की।
पैनल में सामने आए नाम
कांग्रेस की पिछले दिनों टिकट दावेदारों को लेकर की गई कवायद में श्रीगंगानगर सीट से पूर्व आइपीएस आरपी सिंह और पूर्व आइएएस ललित मेहरा का नाम पैनल में सामने आया था। इधर बीकानेर सीट से पूर्व आइपीएस मदन गोपाल मेघवाल और आइएएस ललित मेहरा का नाम दावेदारों में शामिल है।
यह भी चर्चा में
बीकानेर-श्रीगंगानगर सीट से कांग्रेस टिकट के लिए अधिकारियों की दौड़ में पूर्व आइएएस ललित के पंवार, रामलुभाया का नाम भी चर्चा में है। बीकानेर में एडीएम और श्रीगंगानगर में यूआइटी सचिव रह चुके पीआर पंडित भी दावेदारों में बताए जा रहे है।
सेवानिवृत अभियंता अम्बाराम इणखिया, रेलवे के एक सेवानिवृत अधिकारी और पीडब्ल्यूडी के एक पूर्व अभियंता भी कतार में है। भाजपा की ओर से बीकानेर सीट पर पूर्व आइएएस और सांसद अर्जुनराम मेघवाल के साथ एक वर्तमान अभियंता और महिला प्रोफेसर टिकट के लिए प्रयास में है।
विस-लोस में अफसर ही आगे
बीकानेर जिले में आरक्षित एक विधानसभा सीट और लोकसभा सीट पर अधिकारी-कर्मचारी सरकारी सेवा छोड़कर राजनीति में किस्मत आजमाते रहे हैं। खाजूवाला आरक्षित सीट से 2008 से 2018 तक विधायक रहे विश्वनाथ मेघवाल पेशे से चिकित्सक हैं और सरकारी सेवा छोड़कर राजनीति में आए थे।
वर्तमान खाजूवाला विधायक गोविन्दराम मेघवाल भी दूरसंचार निगम की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए हुए हंै। पूर्व विधायक और2009 का लोकसभा चुनाव लड़ चुके रेवंतराम पंवार भी अधिनस्थ सेवा के पूर्व अधिकारी है। अर्जुनराम मेघवाल आइएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए हुए हैं।
इंजीनियर व शिक्षक को सफलता नहीं
कांग्रेस की ओर से 2014 के लोकसभा चुनाव में बीकानेर से इंजीनियर शंकर पन्नू को मैदान में उतारा गया लेकिन वे हार गए। श्रीगंगानगर सीट पर 2014 के चुनाव में मास्टर भंवरलाल मेघवाल को मैदान में उतार लेकिन चुनाव हार गए।
लोस चुनाव 2009
2,44,402 मत मिले भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल को
2,24,916 मत मिले कांग्रेस के रेवंतराम पंवार को
19,486 मतों का अंतर
लोस चुनाव 2014
5,84,932 मत मिले भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल को
2,76,853 मत मिले कांग्रेस के इंजी. शंकर पन्नू को
3,08,079 मतों का अंतर
Published on:
03 Feb 2019 08:42 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
