
Rajasthan election : Voting awareness campaign
बीकानेर. चुनाव के दौरान शत-प्रतिशत मतदान जागरूकता अभियान के तहत २५ नवम्बर से एक दिसम्बर तक 'सरगम सप्ताह' का आयोजन होगा। इस दौरान पोलिंग स्टेशन से जिला स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने गुरुवार को इसकी तैयारियों की समीक्षा की। कार्यक्रम के लिए कलर, म्यूजिक थीम व संदेश का उपयोग करना होगा।
सप्ताह की शुरुआत कैंडल मार्च से होगी। २५ नवम्बर को सूरसागर के पास से रवाना होकर गांधी पार्क पहुंचेगा। २६ नवम्बर को कलक्ट्रेट पर बैंडवादन व शपथ का आयोजन, इसी दिन मानव शृंखला बनाई जाएगी। २७ नवम्बर को ग्राम पंचायत स्तर पर वोट बारात निकाली जाएगी। सप्ताह में रंगोली के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया जाएगा। पांचवें दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोट मैराथन होगी। जिला मुख्यालय पर मैराथन एमएम ग्राउण्ड से जस्सूसर गेट तक होगी। ३० दिसम्बर को दिव्यांगजनों की ट्राईसाइकिल रैली निकाली जाएगी। सप्ताह का समापन एक दिसम्बर को होगा। स्वीप प्रभारी अजीत सिंह ने तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में स्वीप सहप्रभारी राजेन्द्र जोशी तथा सदस्य हरिशंकर आचार्य मौजूद रहे।
Published on:
23 Nov 2018, 2:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.