
अपराध समाचार
बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल
नापासर.जयपुर रोड पर रायसर से पहले महिंद्रा मोटर्स के पास सोमवार शाम एक निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। हैड कांस्टेबल श्रवणराम ने बताया कि गंगाशहर के मोहनराम व मोडाराम सुथार गुंसाइसर से बीकानेर की ओर आ रहे थे। रास्ते में राजमार्ग पर सामने से आ रही श्रीडूंगरगढ़ की ओर जा रही बस से बाइक टकरा गई। इससे दोनों युवक गंभीर घायल हो गए।
वारंटी को जेल भेजा
पूगल. पुलिस ने दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एएसआई गिरधारी सिंह ने बताया कि अमरीक सिंह सिमरेवाला ढाणी भंडेवाली जलालाबाद पंजाब 32 वर्षो से अलग अलग जगह पता बदलकर फरार चल रहा था। उसे खाजूवाला से गिरफ्तार किया गया।
वहीं मुकेश मीणा साहवा तारानगर गत 5 वर्षो से फरार चल रहा था। उसे पुलिस ने खाजूवाला से गिरफ्तार किया। दोनों स्थाई वांरटी को सोमवार को खाजूवाला न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया।
पत्नी की हत्या के मामले में आरोपित पति गिरफ्तार
लूणकरनसर. तहसील के दुलमेरां गांव में करीब डेढ़ साल पहले अपनी विवाहिता को अवैध सम्बन्ध के शक के चलते सिर में लठ से वार कर व गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपित को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। सीआई अशोक कुमार बिश्नोई ने बताया कि दुलमेरां गांव निवासी आरोपी महेन्द्रसिंह बावरी ले २५ जून, २०१६ को अपनी पत्नी अनारो की हत्या कर दी थी।
इसमें आरोपी द्वारा अपने ससुराल में हत्या करने की बात स्वीकार की गई। इसके बाद मृतका की मां शांति देवी द्वारा आरोपित दामाद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया तथा आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान हत्या की वारदात कबूल करने पर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया तथा आरोपित को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
15 दिन बाद मिला नहर में गिरे युवक का शव
बज्जू. बरसलपुर ब्रांच की ५३ आरडी पर पन्द्रह दिन पूर्व नहर में गिरे युवक का शव सोमवार को मिल गया। परिजनों ने दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। अनूपगढ के खमिसा निवासी रामचन्द्र पुत्र दलीप कुमार ओढ अपनी पत्नी व मौसी को बाइक से माणकासर ले जा रहा था। रास्ते में बाइक फिसलने से तीनों नहर में गिर गए। इस पर पास से निकल रहे ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को बचा लिया लेकिन रामचन्द्र को बचा नहीं सके।
इसके बाद लगातार 10 दिन तक शव नही मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने आस पानी बंद होने तक छोड़ दी लेकिन परिजनों ने तलाशी जारी रखी। युवक का शव पानी में 7 से 8 किलोमीटर बरसलपुर ब्रांच से निकलने वाली भूरासर वितरिका में भी 5 से 7 किलोमीटर तक चला गया। जहां पर पुल के अंदर लगे सरियों में शव रुक गया। सोमवार को पानी कम होने पर बाहर आ गया।
विवाहिता को मारपीट कर निकालने का आरोप
देशनोक. दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने का एक मामला दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी अनोपसिंह राठौड़ ने बताया कि केसरदेसर निवासी सुमन पुत्री जग्गाराम नायक ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि उसकी शादी 9 मई 2017 को रूणिया बड़ा बास निवासी विक्रम नायक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की जाने लगी। चार माह पूर्व और रुपए लाने की मांग की व सामान भी रख लिया तथा पति, सास व ससुर ने मारपीट कर घर से निकाल दिया।
Published on:
09 Jan 2018 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
