
राजस्थान में यहाँ बनेगा मोहाली जैसा खेल स्टेडियम
नोखा. कस्बेवासियों व खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है कि उनको अब जल्द ही नोखा में भी चंडीगढ़ के मोहाली जैसा खेल स्टेडियम देखने को मिलेगा। इसके लिए नगरपालिका की ओर से जेठाराम डूडी स्टेडियम में तीन करोड़ रुपए खर्च कर खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में निर्माण कार्यों पर डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। शनिवार को स्टेडियम में कराए जाने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास पूर्व संसदीय सचिव कन्हैया लाल झंवर ने किया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर, डॉ. सीताराम पंचारिया, शिक्षाविद् ईश्वरचंद बैद, जिप सदस्य भूपेंद्र सिंह, किशन लाल कांकरिया, पालिका उपाध्यक्ष निर्मल भूरा आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम में पार्षद, नेता व प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।
प्रत्येक व्यक्ति का हो मेडिकल बीमा
पूर्व संसदीय सचिव झंवर ने कहा कि पालिका की ओर से कस्बे के हर व्यक्ति का दो लाख रुपए तक का मेडिकल बीमा कराया जाए। ताकि किसी के भी बीमार होने पर उसे इलाज खर्च की चिंता ना रहे। उन्होंने पालिकाध्यक्ष से इसके लिए प्रस्ताव बनाकर पार्षदों से स्वीकृत कराने की बात कही। पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने इसके लिए बीमा कंपनी से बातचीत कर इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने पालिकाध्यक्ष से कस्बे में हर गली-मोहल्ले का सर्वे कराकर वंचित स्थानों पर रोड़ बनाने के लिए टेंडर करने की बात भी कही।
किस पर कितना पैसा होगा खर्च
पालिका ईओ चंद्रप्रकाश सारस्वत ने बताया कि स्टेडियम में प्रस्तावित नक्शे के मुताबिक प्रथम चरण में एक करोड़ पांच लाख की लागत से सीसी रोड़, ३२ लाख से डामर रोड़ व १३ लाख रुपए से मैदान की लेवलिंग की जाएगी। दूसरे चरण में क्रिकेट मैदान, वॉलीबाल मैदान, बास्केटबॉल, टेनिस व फुटबॉल मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक, दो हजार दर्शकों के बैठने की दर्शक दीर्घा, चारदीवारी निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। यहां पर ओपन जिम के साथ ही ग्रीन एरिया भी डवलप किया जाएगा। इन कार्यों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
१६ साल ली सुध
इस स्टेडियम का शिलान्यास १९ अगस्त २००२ में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया था। उस समय वर्तमान नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी बीकानेर सांसद थे। १६ साल बाद अब पालिका इस स्टेडियम में तीन करोड़ रुपए खर्च कर स्टेडियम का निर्माण कराएगी।
जो कहा वो करके दिखाया
पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने कहा कि विकास मंच ने कथनी और करनी में भेद नहीं किया जो कहा उसे करके दिखाया। स्टेडियम विकास का हमने वादा किया था। आज पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर से प्रथम फेज के करीब 1.5 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करवाकर इस वादे को पूरा किया है। यह स्टेडियम नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के पिता जेठाराम डूडी के नाम से है।
स्टेडियम के लिए भूमि आवंटन के बाद रामेश्वर डूडी सांसद और जिला प्रमुख रहे लेकिन स्टेडियम विकास के लिए कुछ नहीं कर पाए। वर्तमान के अपने विधायककाल में भी डूडी केवल घोषणाएं कर पाए। हमने राजनीतिक विचारधारा से परे रहकर नोखा के युवाओं की मांग को पूरा किया है।
Published on:
17 Jun 2018, 11:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.