23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीकानेर
video: परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में शहर के कॉलेजों में विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
Play video

video: परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में शहर के कॉलेजों में विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की ओर से बढ़ाई गई परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में ताले जड़कर व रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

Google source verification

बीकानेर . महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की ओर से बढ़ाई गई परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में सोमवार को छात्र-छात्राओं ने कॉलेजों के मुख्य द्वार पर ताले जड़कर व रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। विवि में एबीवीपी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया व अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।

 

एनएसयूआई, एबीवीपी और एसएफआई छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर परीक्षा शुल्क बढ़ोतरी को अनुचित बताते हुए इसे वापस लिए जाने की मांग की। वहीं राजकीय विधि कॉलेज, राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, राजकीय कॉलेज लूणकरणसर में फीस वृद्धि का विरोध किया गया।

 

 

डूंगर कॉलेज में एनएसयूआई के बैनर तले जिलाध्यक्ष रामनिवास कूकणा व छात्र संघ अध्यक्ष अशोक बुडिय़ा के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कूकणा ने फीस वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि यह छात्र हित में नहीं है। इसे वापस लिया जाए।

 

अशोक बुडिय़ा ने बताया कि बढ़ाई गई फीस वृद्धि से समाज के कमजोर व निर्धन वर्ग के विद्यार्थियों को परेशानी होगी व वे शिक्षा से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने फीस वृद्धि के बजाय शिक्षा के स्तर में सुधार की बात कही। इस अवसर पर ओम प्रकाश बाना, पूनमचंद कस्वां, कृष्ण कुमार गोदारा, लोकेश शर्मा, सहीराम गोदारा, दीक्षान्त गोदारा, एके तर्ड सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

 

आक्रोश सभा व हल्ला बोल रैली
फीस वृद्धि के विरोध में एसएफआई की ओर से डूंगर कॉलेज में आक्रोश सभा कर कलक्ट्रेट पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया। जिला महासचिव ओम प्रकाश सिद्ध व प्रफुल हाटीला ने बताया कि डूंगर कॉलेज में हुई आक्रोश सभा में एसएफआई राज्य अध्यक्ष सुनिल पूनिया ने कहा कि फीस बढ़ोतरी से राज्य सरकार की विद्यार्थी विरोधी नीतियों को स्पष्ट कर रही है।

 

महासचिव महिपाल सिंह ने फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। सभा में जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह शेखावत, अशोक मेघवाल, कैलाश बेनीवाल, अजीत पूनिया आदि ने विचार रखे। सभा के बाद डूंगर कॉलेज से कलक्ट्रेट तक हल्ला बोल रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्रों ने फीस बढ़ाने का विरोध किया। उच्च शिक्षा मंत्री के नाम का ज्ञापन कलक्टर को सौंपा गया।

 

कॉलेज बंद का आह्वान
एसएफआई के जिला कार्यालय में आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने को लेकर सोमवार को बैठक हुई। राज्य अध्यक्ष सुनिल पूनिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंगलवार को फीस वृद्धि के विरोध में एमजीएसयू सहित संभाग के सभी कॉलेजों में बंद का आह्वान किया। ओम प्रकाश सिद्ध के अनुसार बढ़ाई गई फीस वृद्धि को वापस नहीं लेने पर छह दिसम्बर को कुलपति सचिवालय चलो आंदोलन के तहत कुलपति का घेराव किया जाएगा।

 

अनिश्चितकालीन धरना शुरू
एमजीएसयू में फीस वृद्धि के विरोध में छात्रसंघ अध्यक्ष जयवीर सिंह भाटी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कुलपति सचिवालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया व अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। रजिस्ट्रार भंवर सिंह चारण के साथ हुई छात्रों की वार्ता विफल रही। प्रदर्शन में उपाध्यक्ष कंचन जोधा, महासचिव प्राची पुरोहित, अरुण कल्ला, सरजीत सिंह, नखत सिंह, नाहर सिंह, श्याम सुंदर, सीमा राजपुरोहित, रणजीत सिंह, अशोक बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

 

छात्राओं ने कॉलेज द्वार बंद कर किया प्रदर्शन
महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष प्रियंका चौधरी के नेतृत्व में छात्राओं ने फीस वृद्धि के विरोध में कॉलेज के मुख्य द्वार को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर चौधरी ने फीस बढ़ोतरी को शीघ्र वापस लेने व महासचिव एकता पारीक ने फीस वृद्धि का विरोध किया। विरोध प्रदर्शन में छात्र संघ उपाध्यक्ष तमन्ना गरवा, संयुक्त सचिव नीमा जाट, निर्मला चौधरी, माया भादू, निर्मला सियाग, शारदा सियाग सहित बड़ी संख्या में कॉलेज छात्राएं मौजूद थी।

 

 

परीक्षा शुल्क वृद्धि के विरोध में विद्यार्थियों का धरना शुरू
लूणकरनसर. कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा शुल्क में भारी बढ़ोतरी को लेकर विद्यार्थियों में रोष है तथा फीस वृद्धि के मुद्दे को लेकर छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रवेशद्वार पर ताला लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष गणपत जाखड़ ने धरने पर कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस साल परीक्षा शुल्क में बेहताशा बढ़ोतरी कर छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय किया है।

 

उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई फीस वापस नहीं लेने तक हड़ताल जारी रहेगी। छात्र नेता राकेश भुंवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा फीस बढ़ाकर छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है तथा बढ़ी हुई फीस वापिस नहीं लेने तक एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया।

 

एमजीएसयू के छात्र नेता बलवीर धतरवाल, मेघराज जाखड़, भरत गोदारा, छात्रसंघ उपाध्यक्ष किरण योगी, प्रमोद पूनियां, अजय सिंह ज्याणी, विजय कुमार, योगेन्द्र, सोनिया, माधुरी आदि ने फीस वृद्धि के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। फीस वृद्धि के विरोध को लेकर छात्र-छात्राओं ने स्टाफ को भी अन्दर जाने नहीं दिया।

 

महाविद्यालय के लगाया ताला
खाजूवाला. यहां छात्र संघर्ष समिति के नेतृत्व में सोमवार को महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय द्वारा बढ़ाए गए परीक्षा शुल्क के विरोध में छात्रों एसके.एस चंदी मैमोरियल महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर विद्यार्थियों ने ताला लगाकर धरना दिया। छात्रों ने बताया कि शुक्रवार को छात्रों ने पुलिस थाना चौराहे पर परीक्षा शुल्क वृद्धि में प्रदर्शन किया तथा राजस्व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही इसे वापस लेकर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की।

 

सोमवार को विद्यार्थियों ने एसकेएस चन्दी मैमोरियल महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया तथा धरना भी दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि मांगे नहीं माने जाने पर महाविद्यालय में मंगलवार को तालाबंदी भी की जाएगी। विद्यार्थियों ने बताया कि पूर्व में अवगत करवाने के बाद भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

 

कॉलेज प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
नोखा. महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की ओर से फीस बढ़ोतरी के विरोध में यहां राजकीय मांगीलाल बागड़ी महाविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष बालकिसन, उपाध्यक्ष सुन्दर दैया ने मुख्यमंत्री के नाम कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन देकर आदेश वापस लेने की मांग की है।

 

ज्ञापन देेने वालों में स्वरूपङ्क्षसह, कैलाश सारस्वत, उम्मेदङ्क्षसह, विकास विश्नोई, सुभाष विश्नोई, अंकित चारण, सवाई शर्मा, राहुल, सुनील जाखड़ आदि शामिल थे। उधर, कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष जयङ्क्षसह चाऊ ने भी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग कर निर्णय नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

बड़ी खबरें

View All

बीकानेर

राजस्थान न्यूज़