
बैठक
बीकानेर . जिले में प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान पानी की चोरी करना भारी पड़ सकता है। इस अवधि में नहरी पानी पर सख्त पहरा रहेगा। जो भी पानी की चोरी करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। शनिवार को संभागीय आयुक्त और सीएडी के पदेन आयुक्त अनिल गुप्ता ने पेयजल व्यवस्था की तैयारी बैठक में इसके लिए निर्देश दिए है।
गुप्ता ने निर्देश दिए कि नहरबंदी के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के दल बनाकर नियमित पैट्रोलिंग करवाई जाए। जब नहरों में केवल पेयजल प्रवाह हो, उस दौरान पुलिस, प्रशासन, सिंचाई विभाग तथा राजस्व विभाग समन्वय रखें। संबंधित क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था व हलका पटवारी भी उपस्थित रहे।
होगी री-लाइनिंग
जल संसाधन (उत्तर) हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता ने बताया कि इन्दिरा गंाधी नहर फीडर में 29 मार्च से 2 मई तक हरिके हैड वक्र्स से क्लोजर लेकर इन्दिरा गांधी फीडर की बुर्जी 496 से 520 एवं बुर्जी 582 से 584 तक री-लाइनिंग का कार्य करवाया जाएगा। इस कारण इन्दिरा गांधी नहर परियोजना एवं भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की सभी नहरें बन्द रहेंगी। इससे पूर्व 24 से 28 मार्च तक नहरों में केवल पीने के लिए ही पानी चलाया जाएगा। सिंचाई के लिए इसका उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
नहीं हो लोगों को परेशानी
गुप्ता ने नहरबंदी के दौरान पेयजल को लेकर कोई परेशानी नहीं हो, इसलिए पेयजल वितरण की योजना तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन को भी यह योजना बताने को कहा है।
गुप्ता ने प्रत्येक उपखण्ड स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और इनमें नियुक्त कार्मिकों की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे समन्वय के साथ कार्य करें।
पेयजल की हो समीक्षा
संभागीय आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक उपखण्ड अधिकारी पेजयल स्थिति की नियमित समीक्षा करे। कानून व्यवस्था संबंधी परेशानी हो तो तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को जानकारी दी जाए। नहरबंदी क्षेत्र के सभी जल भंडारण स्रोत पूरे भर लिए जाएं।
किया जा रहा पेयजल का भंडारण
नहरबंदी के दौरान शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे इसके लिए जलदाय विभाग भंडारण में जुट गया है। अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल ने बताया कि बीकानेर शहर की जलापूर्ति के लिए शोभासर व बीछवाल स्थित जलाशयों में पानी का भंडारण किया जा रहा है। प्रत्येक जलाशय की क्षमता 1500 एमएल पानी की है। एक एमएल में दस लाख लीटर पानी होता है। जलदाय विभाग की माने तो 23 मार्च तक दोनों जलाशय भर जाएंगे।
Published on:
18 Mar 2018 10:06 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
