पत्रिका टीम ने जोड़बीड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया, जो शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। वहां आज भी केवल मुख्य सड़क पर बिजली लाइन है। बाकी इलाके में बजरी बिछी अधूरी सड़कों के अवशेष, कंटीली झाड़ियां और जहरीले जीवों का डेरा है। रेलवे लाइन के पार मृत पशुओं का डम्पिंग यार्ड है, जहां खुंखार कुत्ते और सर्दियों में हजारों गिद्ध रहते हैं। 17 साल पहले यूआईटी ने करोड़ों रुपए लेकर भूखण्ड और मकान बेच दिए, पर मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं किया गया, इसलिए कोई परिवार यहां नहीं बस पाया।बीडीए भवन से भ्रम फैलाने की कोशिशशहरवासियों के विरोध के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर से दस किलोमीटर दूर जोड़बीड़ में बीडीए भवन बनाकर कार्यालय वहां ले जाने का फैसला किया। इसका विधायकों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक ने विरोध किया। ऐसे में आनन-फानन में बीडीए ने भवन का निर्माण शुरू कर ‘कमिंग सून...बीडीए ऑफिस’ का बोर्ड खड़ा कर दिया। यह जोधपुर-जयपुर बाइपास पर जोड़बीड़ में घुसते ही है। इससे आगे बढ़ने पर वीरान और जंगल जैसा नजारा है। करोड़पति लोगों को झांसे में लेने के लिए कुछ नई सड़कें जरूर बनाई गई हैं।