
वोट देने जा रहे ग्रामीणों की जीप नहर में गिरी, पिता-पुत्र की डूबने से मौत -बरसलपुर की आरडी 20 पर हादसा
बज्जू. (बीकानेर). पंचायत चुनाव में वोट देने जा रहे ग्रामीणों की जीप शनिवार को बरसलपुर आरडी 20 के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। जिससे जीप सवार पिता-पुत्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। जीप सवार अन्य तीन जने घायल हुए हैं। हादसे के दौरान पास ही खेत में एक जेसीबी मशीन चल रही थी। जिसकी मदद से तुरंत जीप को बाहर निकाल लेने से तीन जनों की जान बच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए है।
बज्जू के कार्यवाहक थाना प्रभारी बजरंगलाल ने बताया कि दंतौर के 17 केएचएम निवासी भूराराम (४५) पुत्र लालूराम मेघवाल एवं कृष्ण (१०) पुत्र भूराराम, गाड़ी चालक ओमप्रकाश (२७), कृष्णलाल (३५) एवं गिरधारी (८) गाड़ी में सवार थे। यह लोग 17 केएचएम में पंचायत चुनाव के लिए वोट देने जा रहे थे। मोड पर जीप अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
थानाधिकारी के अनुसार हादसे में भूराराम व दस वर्षीय कृष्ण की डूबने से मौत हो गई। जबकि तीन लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया, उनके मामूली चोटें आई है। मृतक के भाई भींयाराम ने जीप चालक ओमप्रकाश के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कराया है।
तीन घंटे नहर में पानी बंद
पुलिस ने बताया कि नहर में गिरने के बाद गाड़ी को तैराकों व जेसीबी की मदद से बाहर निकाला। तब गाड़ी में चार जने ही मिले। एक बच्चा मृत मिला। भूराराम गाड़ी में नहीं मिला। पुलिस ने नहर का पानी तीन घंटे तक रुकवाया। तैराकों की मदद से तीन घंटे बाद शव घटना स्थल से करीब 100 फीट दूरी पर मिला।
जेसीबी से निकाला तो तीन बचे
ग्रामीणों के अनुसार हादसे में जीप जब नहर में गिरी तब उसमें पांच जने सवार थे। इसमें भूराराम गाड़ी से निकल कर पानी मे बह गया। उनका शव तैराकों को नहर में कुछ दूरी पर मिल गया। जबकि दस वर्षीय कृष्ण गाड़ी में ही फंस गया और मौत हो गई। नहर के पास ही चल रही जेसीबी की मदद से तुरंत ही गाड़ी को बाहर निकाल लिया गया। जिससे उसमें फंसे तीन अन्य लोग जिंदा बच गए।
चुनावी रंगत फीकी पड़ी
हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के पैतृक गांव व ढाणी शेरूंवाला में कोहराम मच गया। घरवाले हादसे की खबर सुनकर बेसुध हो गए। दोपहर बाद पिता-पुत्र के शव गांव पहुंचे तो ग्रामीण रो पड़े। पंचायत चुनाव की रंगत फीकी पड़ गई।
Published on:
11 Oct 2020, 5:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.