
लूणकरनसर. जलदाय विभाग की अनदेखी से अरजनसर में करोड़ों रुपए की जलप्रदाय योजना की सार-संभाल नहीं होने से जलापूर्ति बाधित है। ऐसी स्थिति में योजना से जुड़े आधा दर्जन से अधिक गांव में भीषण गर्मी के दौर में जल संकट गहराया हुआ है। जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों की अनदेखी से अरजनसर की जलप्रदाय योजना की डिग्गियां खाली है। गांव में बनी नई व पुरानी स्कीम की दोनों जलप्रदाय योजना से जलापूर्ति सुचारू नहीं होने से ग्राम रामसरा, साबनियां, चकजोड़ पुरानी आबादी, चकजोड़ नई आबादी, फूलेजी, मिठडिय़ां समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों में वाशिन्दे पेयजल किल्लत झेल रहे हंैं।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों जलप्रदाय योजना में अलग-अलग दो ट्यूबवैल बने है। लेकिन एक बंद है इसे लेकर कई बार जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को अवगत करवाने पर सुनवाई नहीं हो रही है। नई जलप्रदाय योजना का नलकूप विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से नलकूप बंद पड़ा है। भीषण गर्मी के दौर में लोग जल संकट झेलने को विवश है। अरजनसर के वार्ड संख्या ४, रेलवे स्टेशन समेत कई मोहल्लों में किल्लत के कारण घरों में जल भण्डारण खत्म होने से लोगों की स्थिति दयनीय है।
एक सप्ताह से नलकूप खराब
सूडसर. बींझासर गांव में पिछले एक सप्ताह से नलकूप खराब होने से ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में पानी की आपूर्ति नहीं होने पर टैंकरों से पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है। नानूराम नैण ने बताया कि जलदाय विभाग के कार्मिकों को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जल्द नलकूप की सुध लेने व आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
डिग्गियों की होगी सफाई, ग्रामीणों को जल्द मिलेगा स्वच्छ पानी
सुरनाणा. धीरेरा स्टेशन स्थित जलदाय विभाग में बनी डिग्गियों की साफ -सफाई होगी तथा खराब उपकरण जल्द बदले जाएंगे। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। गौरतलब है कि इन डिगिग्यों से क्षेत्र के धीरेरा स्टेशन, खारी, कुजटी व सहजरासर के गांवों को पानी की आपूर्ति की जाती है लेकिन लम्बे समय से कचरे से अटी डिग्गियों की साफ -सफाई व फिल्टर खराब होने दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही थी। ग्रामीणों द्वारा बार-बार प्रशासन के अधिकारियों व राज्य सरकार को अवगत करवाने के बाद अब डिग्गियों की साफ-सफाई व खराब उपकरणों को बदलने के साथ दीवार निर्माण व रखरखाव के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है।
ग्रामवासी हनुमानमल बैद ने बताया कि अब डिग्गियों की सफाई व उपकरण बदलने के बाद पीने का पानी शुद्ध मिलने लगेगा। लूणकरनसर के सहायक अभिंयता रवि राजवंशी ने बताया कि धीरेरा स्टेशन स्थित जलदाय विभाग की डिग्गियों की साफ सफाई, क्षतिग्रस्त दीवार निर्माण, फिल्टरों को बदलने के साथ ही इनके रखखाव का कार्य शुरू कर दिया गया है।
Published on:
06 May 2018 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
