बीकानेर . हरिद्वार से बाड़मेर चलने वाली ट्रेन में सवार यात्रियों को बुधवार को पानी कि किल्लत का सामना करना पड़ा। उन्होंने ट्रेन के बीकानेर पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों के खिलाफ रोष जताते हुए विरोध किया। अधिकारियों ने कुछ ही मिनट में समस्या का समाधान कर यात्रियों को राहत दी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोच में पानी की मात्रा पर्याप्त थी, लेकिन पाइप लाइन में गड़बड़ी के चलते पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी।
इसे बीकानेर रेलवे स्टेशन पर ठीक कर दिया गया। जानकारी के अनुसार ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों ने समस्या के बारे में रेल में सवार अटेंडेंट को भी बताया, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। एक यात्री ने ट्रेन में पानी कि किल्लत को लेकर रेल मंत्रालय को ट्वीट भी किया था।
इसके बाद हरकत में आए रेल अधिकारियों ने गाड़ी के बीकानेर पहुंचते ही पानी की रुकावट को दूर कर दिया। इस बीच कांग्रेस कमेटी प्रदेश सचिव जिया उर रहमान और सुभाष स्वामी, जावेद पडि़हार सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। रहमान ने बताया कि यात्रियों की समस्या को समय रहते दूर कर दिया जाता तो उन्हें समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।