बिलासपुर . शहर के 4 थानों के निगरानी बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई का प्रस्ताव कलेक्टोरेट भेजने के बाद पुलिस भू गई। बयान दर्ज नहीं होने से सारे प्रस्ताव पेंडिंग हैं। दिसंबर 2016 में तत्कालीन एसपी अभिषेक पाठक ने निगरानी बदमाशों की सूची तैयारी करने के बाद प्रस्ताव भेजे थे। पुराने प्रस्तावों पर बयान नहीं होने से पुलिस नए प्रस्ताव भेजने में रुचि नहीं ले रही है। जिले में पिछले 2 साल से निगरानी बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई नहीं हुई है। तत्कालीन एसपी अभिषेक पाठक ने दिसंबर 2016 में शहर के थानों में निगरानी बदमाशों की सूची और उनके प्रकरणों की जांच कराई थी। शहर के 4 थाने तोरवा, सरकण्डा, सिविल लाइन और तारबाहर थाना क्षेत्र के 7 निगरानी बदमाशों के प्रस्ताव कलेक्टोरेटे भेजे गए थे। जिला बदर के प्रस्तावों पर कलेक्टोरेट में सुनवाई शुरू हुई थी। सभी प्रकरणों में पुलिस अधिकारियों, थानेदारो और गवाहों के बयान दर्ज किए जाने थे। पुलिस अधिकारियों ने खुद और गवाहों के बयान दर्ज कराने कलेक्टोरेट जाने में रूचि नहीं दिखाई। प्रकरण कलेक्टोरेट में पेंडिंग हो गए हैं। नए प्रस्ताव बनाए, लेकिन भेजने में छूट रहे पसीने: पुलिस ने जिले के 7 थानों के एक दर्जन से अधिक निगरानी बदमाशों के जिला बदर के प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्तावों में हिस्ट्रीशीटरों के आपराधिक रिकार्ड भी शामिल किए गए हैं। पुराने प्रस्तावों पर बयान नहीं होने के कारण नए प्रस्ताव कलेक्टोरेट भेजने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं।