बिलासपुर. जिला सहकारी बैंक में फर्जी अंक सूची के आधार 49 अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति का मामला प्रकाश में आया था। पंजीयक द्वारा की गई जांच के आधार पर 32 लोगों को बर्खास्त कर दिया गया है। जिला सहाकारी बैंक में 2012- 2014 में 49 कर्मचारियों की भर्ती की गई थी। इनमें शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक, चपरासी आदि शामिल थे। शिकायत मिली कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर इनकी नियुक्ति की गई है। मामले का खुलासा होने के बाद पंजीयक द्वारा जांच का आदेश दिया गया था। संयुक्त पंजीयक की टीम ने मामले की जांच कर प्रतिवेदन पंजीयक को सौंपा। पंजीयक के आदेश पर जिला सहकारी बैंक की स्टाफ कमेटी द्वारा व्यक्तिगत सुनवाई की गई। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर 32 कर्मचारियों को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया है। इसमें तत्कालीन सीईओ विकास गुरूदीवान, अधीक्षक संदीप जायसवाल, पर्यवेक्षक परेश गौतम व अन्य शामिल हैं।