
राहुल गांधी पत्रिका बिलासपुर के संपादक बरुण सखाजी व अन्य संपादकों से चर्चा करते हुए।
बरुण सखाजी@ बिलासपुर
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान समाचार पत्रों के संपादकों के साथ एडिटर्स मीट में चाय पर चर्चा की। ऐसा पहली बार हुआ जब वे बिलासपुर रात रुके और सुबह संपादकों के साथ कार्यक्रम कर राय जानी। करीब एक घंटे की चर्चा में राहुल ने राष्ट्रीय मसलों के साथ ही राज्य की राजनीति पर भी अपनी बात रखी। इस दौरान प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल , चुनाव समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम से पूर्व सभी संपादकों का स्वागत जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रदेश प्रवक्ता अभयनारायण राय, शैलेष पांडेय और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव ने किया। पढ़िए पूरी बात शब्दशः जो भी राहुल ने कहा....
जी हां, मैं डॉ. रमन से सीखने आया हूं, हम लोग सीखने में झिझकते नहीं
डॉ. रमन सिंह के राहुल छत्तीसगढ़ विकास का क, ख, ग सीखने आए हैं, बयान का काउंटर करते हुए राहुल ने कहा, जी हां हम सीखने वाले लोग हैं। मैं सीखता हूं। किसानों से मिलता हूं, पत्रकारों से मिला हूं, गरीबों से मिलता हूं, सब जगह से कुछ न कुछ सीखता हूं।
कांग्रेस सबको साथ लेगी, पर अवसरवादियों को नहीं
अजीत जोगी की कांग्रेस वापसी पर राहुल गांधी ने दो-टूक शब्दों में कहा, यह संभव नहीं। हम लोग कम से कम उनसे बात नहीं करेंगे जिन्होंने कांग्रेस को बीच में छोड़ दिया। फिर वह चाहे वाघेला हों या कोई और। कांग्रेस सबको साथ लेकर चल सकती है, मगर अवसरवादियों को नहीं।
नंदकुमार पटेल हमारे सबसे अच्छे नेता थे, उनका मर्डर हुआ, कम से कम माओवादियों ने तो नहीं मरवाया
नंदकुमार पटेल हमारी पार्टी के बहुत ही मजबूत और दमदार नेता थे। मैं ये साफतौर से कहा चाहता हूं कि उनकी हत्या साजिश के तहत करवाई गई है। कम से कम यह दावे के साथ कह सकता हूं कि उन्हें माओवादियों ने नहीं मारा। हमारी मौजूदा राज्य की लीडरशिप है, वह भी जानती है। इनके भीतर भी यह बात है, लेकिन वे लड़ रहे हैं और बहुत अच्छा कर रहे हैं।
रेणु जोगी हमारी विधायक, कांग्रेस किसी को परेशान नहीं करती
डॉ. रेणु जोगी के कांग्रेस का मंच साझा करने के सवाल पर राहुल बोले, ये कांग्रेस पार्टी है। हम लोगों को तंग करने वाले लोग नहीं हैं। हमारी पार्टी में सबका सम्मान है। वे हमारी विधायक हैं।
मुख्यमंत्री का फेस जरूरी नहीं
एडिटर्स मीट में राहुल से पूछा गया कि क्या छत्तीसगढ़ में भी कोई सीएम फेस देगी कांग्रेस। इसके जवाब में उन्होंने पलटकर सवाल किया कि क्यों देना चाहिए? सब मिलकर चुनाव लड़ें, यह फैसला बाद में करेंगे। कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा करती है। हमारी स्टेट लीडरशिप बहुत अच्छा कर रही है। नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे।
स्वच्छता अभियान नहीं, मैं हर चीज में साथ हूं, बशर्ते खोखली बातें न हों
स्वच्छता अभियान के साथ हैं या नहीं सवाल के जवाब में राहुल ने कहा, मैं हर उस कैंपेन या आइडिया के साथ हूं, जो है। खोखली बातों के साथ नहीं हूं। सिर्फ बातें की जा रही हैं। काम अगर होगा तो हम पूरी तरह से साथ हैं।
किसान का यूज करके फेंक दिया आपने
हमने किसान को 50-60 साल यूज किया और अब जब वह आपसे कुछ मांग रहा है तो आप कहते हो नहीं देंगे। किसान देश की रीढ़ रहे हैं। हम सबकी बात कहते हैं, सबकी बात करते हैं, लोगों की आवाज बनते हैं। मैं तो किसानों से मिलता हूं तो वे बताते हैं, सरकार उनकी सुन नहीं रही।
हिंदू का मतलब समझेंगे तो लगेगा कि मैं एक तरह से हिंदू धर्म की रक्षा कर रहा हूं
भारतीय विचार क्या है, हिंदू क्या है। आप किसी भी किताब को पढ़िए, इतिहास उठाइए, भारत ने सबका सम्मान किया है। राहुल ने कहा यह हमारी संस्कृति है। हम भले ही किसी से असहमत हों, लेकिन उसे स्थान देते हैं। उसे भी बात रखने का मौका देते हैं। किसी को खत्म नहीं करते।
गांव से करोड़ों लोगों को शहर तो ले आए, पर यहां शिक्षा, स्वास्थ्य रोजगार नहीं दे पाए, यही आक्रोश है
राहुल ने कहा हमने गांवों को तोड़ दिया। वहां के करोड़ों लोगों के शहर तो लेकर आ गए, लेकिन यहां रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की चिंता नहीं कर पाए। नतीजा ये हुआ कि उनके सामने यह बड़ी चुनौती बन गया। ऐसे में लोगों में आक्रोश है। यहा आक्रोश कभी विभिन्न तरीकों से निकलता है। इसका संघ और भाजपा फायदा उठाते हैं। वे इसे बांटने वाला आक्रोश बना देते हैं।
कांग्रेस शिव की बारात है, यहां सब तरह के लोग रह सकते हैं
राहुल बोले, आपने शिव की बारात तो देखी होगी। इसमें चूहे भी नाचते हैं, बंदर भी और सभी तरह के प्राणी शामिल होते हैं। हम शिव की बारात हैं। सबका सम्मान है। सबको लोकतांत्रिक आजादी है। सब अपनी बात रख सकते हैं। हम किसी को खत्म करने की बात नहीं कहते।
हम पास्ट में नहीं जीते, भविष्य देखते हैं
हम भूतकाल में नहीं जीना चाहते। जो हुआ सो हुआ, अब आगे बढ़ना चाहिए। संघ और भाजपा पीछे मुंह करके लोगों को भ्रम में डालने में कामयाब हुए हैं। वे भूतकाल को लेकर बैठे हैं। हम भविष्य की बात करते हैं। आज आप मेरे से दुर्व्यवहार भी करके चले जाएंगे तो भी जब दोबारा मिलेंगे तो मैं आपको बिठाऊंगा। बात करूंगा, पूछूंगा पुराना छोड़ो अब बताओ भैया कैसे हम मिलकर चलें। ये कांग्रेस की संस्कृति है।
पूरी दुनिया भारत-चीन की तरफ देख रही है, पर हमारे पास कोई ऐसा नेता नहीं
इस वक्त पूरी दुनिया की शक्ति एशिया के दो देशों, भारत और चीन पर सिमट रही है। ऐसे में भारत के पास एक बड़ा अवसर है। चीन ने तो अपनी पुरानी बातों को भुलाकर आगे बढ़ने सीख लिया और वह इसका पूरा इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन हमारे पास ऐसे समय में कोई मजबूत नेता नहीं है। मोदीजी नॉनस्टॉप झूठ बोलते हैं। ऐसे अवसर का फायदा उठाने के लिए हमें मजबूत नेतृत्व चाहिए।
हर बात का समय होता है, 10 साल पहले भी मैं यही कहता था, कोई नहीं सुन रहा था अब सुनते हैं
राहुल ने अपनी बात के असर पर कहा कि आज जो बातें मैं कह रहा हूं, वह 10 साल पहले भी कह रहा था। लेकिन हर बात का समय होता है। अभी लोगों को यह समझ में नहीं आएगा। लेकिन, अब धीरे-धीरे लोग समझने लगे हैं। लोगों में आक्रोश बहुत है।
भाजपा सौदेबाज पार्टी है, मुफ्त गेंहू, चावल देकर राज पाना चाहती है
भाजपा सौदेबाज पार्टी है। मुफ्त में गेंहूं, चावल आदि बांटकर लोगों से वोट लेती है। अभी कर्नाटक में मैं जब गया तो देखा वहां पर भाजपा ने दलितों, मुसलमानों को 5-5 सौ रुपए देकर उनकी उंगली पर स्याही लगाई। उनकी आर्थिक हालत ऐसी है जहां 500 रुपए उनके लिए बड़ी रकम हैं। तो ये धनबल से, गेहूं-चावल मुफ्त देकर लोगों से परोक्ष रूप से सौदा करते हैं। आप हमें इनके बदले वोट दो और हम 30 साल राज करें।
संघ, भाजपा देश तोड़ने वाले लोग
राहुल ने एडिटर्स मीट में कहा कि संघ और भाजपा लड़वाते हैं। बांटते हैं। बीते दिनों तमिल में एमके स्टालिन ने कहा था अगर भाजपा या संघ अपने विचार लेकर अगर यहां घुसते हैं तो हम दूसरे स्वतंत्रता संग्राम की तरफ बढ़ेंगे। यानी देश को एक रखने के लिए सबको स्थान देना होगा। आप किसी को खत्म नहीं कर सकते। देश टूट जाएगा ऐसे में। नॉर्थ ईस्ट, नॉर्दन इंडिया, साउदन इंडिया सबकी संस्कृतियों में फर्क है और सबको हर चीज का हक है।
शरद यादव को कांग्रेस को समझने में 50 साल लग गए
कांग्रेस पार्टी को समझने में वक्त लगता है। राहुल ने कहा आजादी की लड़ाई भी चंद लोग ही लड़ रहे थे। जिस समय लड़ रहे थे तो लोगों को अंदाजा नहीं था कि वे सफल भी हो सकते हैं। आज हमारे साथ भी ऐसा ही है। पिछले दिनों शरद यादव ने कहा मैं कांग्रेस को अब समझ पाया। बीते 50 सालों तक कांग्रेस का विरोध करता रहा। जेपी आंदोलन से लेकर अब तक हर कदम पर वे कांग्रेस के विरोध में रहे, लेकिन अब उन्हें भी समझ आ रहा है कि सबको लेकर कांग्रेस ही चल सकती है। तो कांग्रेस वो पार्टी है जो सबको लेकर चल सकती है।
सब इकट्ठा होकर लड़ेंगे, मैं करूंगा नेतृत्व
राहुल ने बिलासपुर में हुई एडिटर्स मीट में कहा कि मोदी से मुकाबले के लिए हम सबको साथ ला रहे हैं। 2019 में इसके नतीजे भी सामने होंगे। सबको एक साथ लेकर चलने का संकल्प है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इसका नेतृत्व वे करेंगे तो थोड़ी देर रुककर राहुल बोले, यस। बिल्कुल करूंगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
18 May 2018, 9:47 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़




