रेलमंत्री की घोषणा के अनुपालन में रेल मंत्रालय ने सभी सम्बद्ध पक्षों के साथ 17 दिसम्बर, 2016 को एक बैठक में स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने की कार्य योजना की समीक्षा की। बैठक में आईआरसीटीसी, नाबार्ड, ग्रामीण विकास मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय जनजातीय मामले मंत्रालय, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में स्वयं सहायता समूहों के समक्ष पैनल में शामिल होने संबंधी प्रक्रिया स्पष्ट की गई और नाबार्ड से कहा गया कि वह किचन की स्थापना और एफएसएसएआई तथा वैट प्रमाणपत्र प्राप्त करने में स्वयं सहायता समूहों की मदद करे। बैठक के दौरान नाबार्ड के साथ मिलकर प्रस्तावित कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।