बिलासपुर . राष्ट्रीय उद्योग एवं व्यापार मेला जिसकी पहचान अब बिलासुर मेला के नाम से होने लगी है। इस वर्ष कमाई के सभी रिकार्ड ध्वस्त करते हुए महज 5 दिनों में 20 करोड़ से अधिक का कारोबार किया। 12 से 16 जनवरी तक चलने वाले इस 5 दिनी आयोजन में शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचल के 5 लाख से अधिक लोगों ने मेले का आनंद लिया। मेले की सफलता का आंकलन इसी से लगाया जा सकता है कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग, कॉलेज जाने वाली लड़की से लेकर घर संभालने वाली गृहणी तक ने इन पांच दिनों में जमकर ना सिर्फ खरीदारी की, बल्कि जायकेदार व्यंजनों का लुत्फ उठाया। मेले में सांस्कृतिक से लेकर आधुनिक एवं डांस से लेकर आध्यात्मिक सभी प्रकार के आयोजन की व्यवस्था की गई थी। अगर कारोबार की बात करें तो आटोमोबाइल, फर्नीचर, कंप्यूटर, इलेक्ट्रानिक्स से लेकर घरेलू उपयोग के सामानों की जमकर बिक्री हुई। दुकानदारों ने जी खोलकर डिस्काउंट के आफर दिए, 10 से लेकर 20 प्रतिशत तक की अतिरिक्त छूट दी गई। हालांकि डीलरों का कहना है कि जीएसटी ने कारोबार पर असर डाला है। 18 प्रतिशत के टैक्स की मार से कीमतें अपेक्षाकृत अधिक रही। विशेषकर फर्नीचर कारोबारियों का कहना है कि जीएसटी से व्यवसाय पिछले वर्ष की तुलना 30 प्रतिशत कम रही। दीवान, सोफा, बेड मेला के तीन दिनों में ही बिक जाते थे, अतिरिक्त माल मंगाना पड़ता था, पर इस बार नौबत ऐसी है कि कुछ माल वापस दुकान ले जाना होगा।