17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कॉफी हाउस में मिलीं ऐसी खामियां, खाद्य विभाग ने सस्पेंड किया लाइसेंस, बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई!

Coffee House License Suspended: बिलासपुर में खाद्य विभाग ने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई की है। एक कॉफी हाउस के निरीक्षण में फर्श गीला, दीवारों पर जाले और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने की उचित व्यवस्था नहीं मिली।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh News

बिलासपुर में कॉफी हाउस का लाइसेंस सस्पेंड (फोटो सोर्स- iStock)

Bilaspur Coffee House: छत्तीसगढ़ में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य विभाग लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले में खाद्य विभाग की टीम ने एक कॉफी हाउस का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों को तैयार करने से लेकर उनके सुरक्षित भंडारण तक कई खामियां सामने आईं। इसके बाद विभाग ने कॉफी हाउस को सील कर दिया और उसका खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।

खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के जिला अधिकारी आरआर देवांगन के अनुसार, बुधवार को विभाग की टीम ने कॉफी हाउस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थान पर फर्श गीला था और सफाई का भी उचित ध्यान नहीं रखा गया था। वहीं, परिसर की दीवारों पर जाले भी पाए गए।

खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी नहीं

निरीक्षण के दौरान टीम को खाद्य पदार्थों को तैयार करने के बाद सुरक्षित तरीके से रखने की उचित व्यवस्था भी नहीं मिली। खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जरूरी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि फर्म में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पेस्ट कंट्रोल नहीं कराया गया था।

इसके अलावा खाद्य पदार्थ बनाने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई थी। खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने पर विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।

पहले भी किया गया था निरीक्षण

बताया गया कि खाद्य विभाग की टीम इससे पहले भी कॉफी हाउस का निरीक्षण कर चुकी थी। उस समय भी कुछ खामियां सामने आई थीं। विभाग ने संचालक को कमियां दूर करने के निर्देश दिए थे और इस संबंध में नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया था। हालांकि, विभाग के मुताबिक नोटिस मिलने के बाद भी संचालक की ओर से न तो बताई गई कमियों को दूर किया गया और न ही नोटिस का जवाब दिया गया। इसके बाद दोबारा निरीक्षण के दौरान भी अव्यवस्था मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।

आलू गुंडा का सैंपल लिया

निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने मौके से आलू गुंडा का नमूना भी लिया। इस नमूने को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अब लैब से मिलने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

लाइसेंस सस्पेंड, दुकान सील

लगातार खामियां मिलने और पूर्व में जारी नोटिस का जवाब नहीं देने के बाद खाद्य विभाग ने कॉफी हाउस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। साथ ही कॉफी हाउस को सील कर दिया गया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल कॉफी हाउस को तब तक बंद रखा जाएगा, जब तक निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर नहीं किया जाता और विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती।

बड़ी खबरें

View All

बिलासपुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग