
डेंगू का हाहाकार, इलाज स्मार्ट कार्ड से बाहर, मंत्री चंद्राकर ने बजाए घोषणाओं के गाल
बिलासपुर. डेंगू के इलाज के लिए शासन व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। स्मार्ट कार्ड के जरिए भी डेंगू का इलाज नहीं हो पा रहा। डॉक्टरों का कहना है कि स्मार्ट कार्ड में बुखार, मलेरिया सहित 798 प्रकार की बीमारी के इलाज की सुविधा है, लेकिन डेंगू के इलाज की सुविधा नहीं दी गई है। इधर मरीज-परिजनों को सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज के लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है। जिनके पास पैसे नहीं हैं, उन्हें कर्ज लेकर इलाज कराना पड़ रहा है।जिले में 4 लाख 66 हजार स्मार्ट कार्डधारी हैं। कार्ड के जरिए 798 प्रकार की बीमारियों के इलाज की सुविधा है, लेकिन इसमें डेंगू के इलाज की सुविधा नहीं दी गई है। सिम्स प्रबंधन द्वारा सीएमएचओ को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था कि डेंगू के मरीज आ रहे हैं, लेकिन उनकी माली हालत खराब होने के कारण वे खर्च नहीं उठा पाते, इसलिए स्मार्ट कार्ड से इलाज की सुविधा प्रदान की जाए। इस पर सीएमएचओ डॉ. बीबी बोर्डे का कहना है, कि स्मार्ट कार्ड में डेंगू के इलाज की सुविधा नहीं है। बीमा कंपनी से इसके लिए अलग से अनुमति लेने पर चर्चा चल रही है।
अपोलो को भी नहीं मिला कोई आदेश : डेंगू पीडि़त ज्यादातर मरीज शहर के निजी अस्पताल या फिर अपोलो अस्पताल पहुंच रहे हैं। लेकिन सरकारी सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीज परिजनों को मोटी रकम ढीली करनी पड़ रही है। अपोलो के पीआर ओ देवेश गोपाल ने बताया, कि स्मार्ट कार्ड या फ्री इलाज के लिए शासन से कोई आदेश नहीं आया है।
जिले के 132 अस्पतालों में चलता है स्मार्ट कार्ड, लेकिन डेंगू का इलाज नहीं : जिले के 132 अस्पतालों में स्मार्ट कार्ड के जरिए इलाज की सुविधा है। इनमें 108 निजी व शेष सरकारी अस्पताल हैं। अस्पतालों में प्रतिदिन डेंगू के दो-तीन मरीज मिल रहे हैं। लेकिन इलाज के लिए सरकार की ओर से कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा खानापूर्ति के लिए सिर्फ अलर्ट जारी किया गया है।
डेंगू के चार संदिग्ध मिले, सिम्स व अपोलो में भर्ती : मंगलवार को डेंगू के चार संदिग्ध मरीज मिले। दो मरीजों का सिम्स में और दो मरीजों का अपोलो में इलाज चल रहा है। इनमें तीन मरीज चांपा जांजगीर के हैं, जबकि एक मरीज बिलासपुर के बसंत विहार का रहने वाला है। अपोलो में डेंगू के 18 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जानकारी नहीं मिली : स्मार्ट कार्ड में डेंगू के इलाज की सुविधा नहीं है। मंत्री मंडल परिषद की बैठक में क्या निर्णय लिया गया, इसकी जानकारी नहीं आई है।
आर प्रसन्नना, डायरेक्टर व कमिश्नर स्वास्थ्य विभाग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
29 Aug 2018, 3:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़




