
बिलासपुर . ट्रेनों में जहर खुरानी और चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन में अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद लोकल, एक्सप्रेस या फिर सुपर फास्ट, हर ट्रेन में अवैध वेंडरों की धमक है। इस पर रोक लाने आरपीएफ के तमाम दावे खोखले ही साबित हो रहे हैं।
रेलवे कोच में घूम-घूम कर खाद्य सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडरों की बाढ़ आ चुकी है। पहले कुछ ही लोग एक्का-दुक्का ट्रेनों में दिखाई देते थे। समय के साथ इनकी संख्या में बढोतरी हुई। दूसरी तरफ जहर खुरानी और चोरी की वारदातों ने नाक में दम कर रखा है। बढ़ती चोरी और जहर खुरानी की वारदात पर रोक लगाने रेलवे प्रबंधन ने ट्रेनों में खाद्य-समाग्री बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया। प्रतिबंध के बाद भी ट्रेनों में खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडरों की संख्या कम नहीं हो रही। यह स्थिति तब है, जब हर माह तीन से साढ़े तीन सौ मामले रेलवे सुरक्षा बल बना रहा है। सूत्रों की मानें तो जीआरपी व आरपीएफ की नाक के नीचे ही यह व्यवस्या फल-फूल रहा है। अवैध वेंडिंग का यह गोरखधंधा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की शह पर चल रहा है। दूसरी तरफ किन्नरों का आतंक भी ट्रेनों में यात्रियों के लिए जंजाल बना हुआ है। किन्नर यात्रियों से अभद्र व्यवहार करके वसूली कर रही हैं।
हर माह होती है तीन से साढ़े तीन सौ कार्रवाई: ट्रेनों अवैध तरीके से सामान बेचने वालों पर हर माह लगभग तीन से साढ़े तीन सौ मामलों में कार्रवाई की जाती है। इसके बाद भी संख्या कम नहीं हो रही। रेलवे के सख्त आदेश के बाद भी अवैध वेंडरों पर लगाम न लग पाना रेलवे सुरक्षाबल के जवानों की नाकामी या लापरवाही दर्शा रहा है।हर मोर्चे पर नाकामी-रेलवे स्टेशन, रेलों की सुरक्षा के साथ ही यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा में तैनात रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सक्रियता के बाद भी ट्रेनों में अवैध वेंडिंग, किन्नरों का आतंक और चोरों की धमक जारी है। ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब यात्री चोरी की सूचना लेकर आरपीएफ और जीआरपी के पास न पहुंचता हो। लगातार शिकायतों के बाद भी आपराधिक वारदातों पर रोक लगाने में दोनों विभाग नाकाम ही रहे हैं।
अवैध वेंडरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शिकायत के बाद भी तत्काल कार्रवाई की जाती है, चाहे वह अवैध वेंडर होंं, या किन्नर। आरपीएफ के जवान कार्रवाई के लिए सक्रिय है ।
भवानी शंकर नाथ , वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त
Published on:
2 May 2018, 1:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.