10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

किसान की आत्महत्या से हरकत में आया प्रशासन, बयानबाज़ी का सिलसिला भी शुरू

प्रशासन की जांच रिपोर्ट कह रही किसान पर नहीं था कर्ज
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बिलासपुर

•

image

Anil Kumar Srivas

•

Updated: 9 Jun 2018, 12:30 PM IST

Farmers suicide

किसान की आत्महत्या से हरकत में आया प्रशासन, बयानबाज़ी का सिलसिला भी शुरू

बिलासपुर. मरवाही विकासखंड ग्राम पिपरिया निवासी किसान सुरेश मरावी पिता निरंजन ने दो दिन पहले आत्महत्या कर ली। इस घटना को लेकर शासन-प्रशासन हलचल तेज हो गई है। वजह ये कि इससे पहले भी मरवाही में कर्ज से दबे किसान द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आ चुका है। पहले की तरह फिर लीपापोती के प्रयास भी शुरू हो गए हैं। इधर मृतक किसान सुरेश मरावी की पत्नी भागमती ने रो-रोकर अपनी दास्तां सुनाई। भागमती ने बताया, पति कर्ज के कारण परेशान था। कर्ज पटाने के लिए बैंक से बार-बार नोटिस भेजा जा रहा था। वसूली के लिए आए दिन बैंक के अधिकारी घर पहुंच रहे थे। कर्ज चुकाने के लिए हमारे पास कुछ था नहीं। बैंक वालों के रोज के तगादे से परेशान होकर भागमती अपने पति सुरेश के साथ मायके के समीप गांव खुदरी चली गई थी। लेकिन वहां भी वे कर्ज को लेकर परेशान थे। इसकी चर्चा सुरेश ने ससुराल वालों से भी की थी। परेशान होकर आखिरकार मेरे पति ने अपनी जान दे दी।

एसडीएम ने रिपोर्ट में कहा, किसान की आत्महत्या का कारण कर्ज नहीं
प्रशासन की जांच रिपोर्ट में आत्महत्या करने का कारण कर्ज नहीं माना गया है। प्रशासन ने तो यह तक कर दिया, कि किसान के खाते में लगभग 1 लाख 80 हजार रुपए जमा हैं। एसडीएम पेंड्रारोड ने शुक्रवार को कलेक्टर पी. दयानंद को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें बताया गया है कि किसान के ऋण खाते में कोई राशि शेष नहीं है। किसान ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लरकेनी से वर्ष 2017-18 के लिए किसान क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 50 हजार 840 रुपए का ऋण लिया था, लेकिन पिछले साल सूखा पडऩे के कारण शासन ने इस कर्ज की राशि को तीन वर्ष के लिए ऋण परिवर्तन (कन्वर्सन) कर दिया। ऋण परिवर्तन के कारण किसान के ऋण खाते में कोई राशि शेष नहीं है। इसके अलावा मृतक सुरेश मरावी को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत 1 लाख 79 हजार 547 रुपए बीमा क्लेम की राशि भी मिली है, जो उसके बचत खाते में जमा कर दी गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक किसान के बचत खाते में कुल 1 लाख 83 हजार 190 रुपए जमा हैं। साथ ही कुल 20.60 एकड़ भूमि दर्ज है। एसडीएम ने जांच में पाया है कि वर्ष 2017-18 में तहसील पेंड्रा सूखाग्रस्त होने के कारण मृतक सुरेश को 13 हजार 855 रुपए की मदद की गई थी। इसी आधार पर एसडीएम ने किसान की आत्महत्या की वजह कर्ज मानने से इनकार कर दिया है।

किसान ने कर्ज की वजह से आत्म हत्या नहीं की है उनके मौत के कारण दूसरे हो सकते हैं। एसडीएम ने इस मामले की जांच कर रिपोर्ट दी है। उनको प्रधानमंत्री फसल बीमा सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिला है।
पी. दयानंद, कलेक्टर

किसान को बार-बार नोटिस दे रहे थे। अफसरों को वसूली के लिए घर भेज रहे थे। किसान की आत्महत्या के लिए सरकार व प्रशासनिक अफसर जिम्मेदार हैं। कांग्रेस कमेटी मामले की तह तक जाएगी। इसके लिए हमने टीम गठित कर ली है।
भूपेश बघेल, पीसीसी चेयरमैन

किसान को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। आश्रितों को 25 लाख रुपए मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी, चारों लड़कियों की पढ़ाई व शादी की जिम्मेदारी शासन को लेनी चाहिए।
अमित जोगी, मरवाही विधायक

जनता कांग्रेस ने बनाई जांच टीम
जनता कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए 11 सदस्यीय टीम बनाई है। इसमें गीता नेताम विधानसभा प्रभारी मरवाही, शिव नारायण तिवारी जिला अध्यक्ष गौरेला पेंड्रा मरवाही, विशम्भर गुलहरे अधिवक्ता शहर अध्यक्ष,चंदा बाई कुदरी जनपद सदस्य पेंड्रा,अरुणा जायसवाल पेंड्रा,कलावती मरकाम बैकुण्ठपुर,उदल सिंह मरावी पिपरिया पूर्व जनपद अध्यक्ष मरवाही, बूंद कुंवर जिला महिला अध्यक्ष गौरेला पेंड्रा अध्यक्ष, देवकी बाई ओट्टी जनपद अध्यक्ष मरवाही, रामशंकर राय उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मरवाही,लालता सिंह ग्राम पिपरिया को शामिल किया गया है।

कांग्रेस भी करेगी मामले की जांच
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने रामदयाल उइके के नेतृत्व में 7 सदस्यीय टीम जांच समिति बनाई है। इसमें एआईसीसी सदस्य उत्तम वासुदेव, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ला, पेंड्रा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अमोल पाठक, मरवाही ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता को शामिल किया गया है।