हावड़ा से मुंबई जा रही आजाद हिंद एक्सप्रेस में गुरुवार सुबह 5.55 पर रायगढ़ के पास ब्रजराज नगर रेलवे स्टेशन पर ५ किलो के 8 डायनामाइटों से भरा एक बैग मिला। इसमें से 5 डायनामाइट के सेफ्टी पिन खुले हुए थे। इस ट्रेन में करीब एक हजार यात्री सवार थे। विस्फोटक इतना अधिक था कि अगर यह फटता तो पूरी ट्रेन तबाह हो जाती। यह बैग ट्रेन की जनरल बोगी में रखा गया था। सामान्य जांच के दौरान ट्रेन के साथ चल रहे एस्कॉर्ट स्टाफ ने इसे देखा। आसपास यात्रियों से पूछताछ के बाद जब कोई मालिक नहीं मिला तो बैग को एस्कॉर्ट ने हाथ में लिया तो उनके होश फाख्ता हो गए। इस बैग में तारों का एक गुच्छा नजर आया, साथ ही बारूद की महक आ रही थी। तुरंत रेलवे सुरक्षा टीम को इसकी सूचना दी गई। ट्रेन से बैग को सावधानी से उतारकर आउटर पर रखवा दिया गया।
घटना गुरुवार सुबह 5.55 की बताई जा रही है। रेलवे के मुताबिक इसकी सूचना बिलासपुर बम स्कॉड को तुरंत दी गई। बताया गया कि बैग से बारूद की महक आ रही है एवं अंदर तार के गुच्छे भरे हुए हैं। इस पर दिनभर पहले तो बैग में बम होने न होने का अंदाजा लगाया जाता रहा, बाद में शाम 4 बजे तक जब यह लगभग तय हो गया कि बैग में बम या कोई विस्फोटक है तो बिलासपुर से बम स्कॉड रवाना किया गया।
बम स्कॉड के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी
बम स्कॉड ब्रजराज नगर रेलवे स्टेशन पर करीब 9 बजे पहुंचा। बैग की जांच शुरू की और इसे सावधानी के साथ खोला गया। इसमें 5 किलोग्राम के 8 डायनामाइट दिखाई दिए। इसके साथ ही कुछ तार और अन्य सामान रखा था। टीम सूत्रों के मुताबिक इसके 5 डायनामाइट में सेफ्टी पिन नहीं लगे थे। यह किसी भी वक्त जरा सी चिन्गारी के चपेट में आते ही फूट सकते थे।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ की एस्कॉर्ट टीम बृजराज नगर पोस्ट प्रभारी पीसी शर्मा की इस बैग पर नजर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी यात्रियों से पूछताछ की तो यह लावारिस पाया। इस पर शर्मा ने बिना देरी किए इसे ट्रेन से निकालकर आउटर पर रखवा दिया। बैग में वायर दिखाई दिए। इसकी सूचना गुरुवार सुबह ५.५५ पर आरपीएफ कंट्रोल रूम को दी गई। लावारिस बैग को निकालने के बाद आजाद हिंद एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
बिलासपुर में हुई पूरी ट्रेन चेक
बम की सूचना पर ट्रेन के सुबह 9 बजे बिलासपुर पहुंचते ही बारीकी से चेक किया गया। बम निरोधी दस्ता के सदस्य बी चक्रवर्ती, एस बोस डॉग स्क्वायड प्रभारी विशाल भरतद्वाज, सुधीर और अन्य स्टाफ ने ट्रेन के पूरी तरह से सुरक्षित घोषित कर आगे बढ़ाया।
वर्जन
आजाद हिन्द एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक बैग में डिटोनेटर जैसा कुछ है। अभी अधिकृत रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। जांच टीम की रिपोर्ट के बाद बता पाएंगे। टीम से बात नहीं हो पा रही है।