
कमिश्नर ने बैठक ने दी चेतावनी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Bilaspur News: बिलासपुर शहर में नक्शे के विपरीत और तय क्षेत्रफल से ज्यादा जगह पर बहुमंजिला भवन बनाने वालों पर निगम द्वारा शिकंजा कसा जा रहा है। इसके लिए अब भवन मालिक ही नहीं, आर्किटेक्ट, संबंधित जोन प्रभारी और इंजीनियर भी जिम्मेदार होंगे। अब उन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के सभी रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट की इसी संदर्भ में बैठक ली। इस दौरान अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने और टीएनसी मापदंडों के अनुरूप निर्माण पर चर्चा की गई। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि लगातार अवैध निर्माण की शिकायतें प्राप्त हो रही है, साइट में निगम द्वारा जारी नक्शे के विपरीत निर्माण किया जा रहा है, जिसके खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
अनुमति के समय आर्किटेक्ट सुपर विजन का सर्टिफिकेट जमा करते हैं पर अनुमति से बाहर भी भवन मालिक द्वारा निर्माण करा लिया जाता है। बाद में कार्रवाई होने पर भवन मालिक का नुकसान होता है, साथ ही नगर निगम के संसाधन और राशि का व्यय भी अवैध निर्माण को हटाने में होता है। इसलिए समय रहते इसे रोका जाना चाहिए। सभी आर्किटेक्ट अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और अपने सुपरविजन में किए जा रहे निर्माण को प्राप्त अनुमति के अनुरूप ही कराएं,अतिरिक्त निर्माण या पार्किंग को नहीं बनाने जैसे कृत्यों को रोंके।
बैठक में निगम कमिश्नर ने कहा कि आर्किटेक्ट, इंजीनियर इस बात का विशेष ध्यान रखें कि भविष्य में सिटी डेवलपमेंट प्लान एवं प्रस्तावित रोड की चौडाई को ध्यान रखने में रखते हुए भवन निर्माण अनुमति के लिए मानचित्र तैयार करें। भवन निर्माण अनुमति में पार्किंग हेतु छोड़ी गई भूमि पर पार्किंग का ही निर्माण किया जाए। पार्किंग स्थल पर किसी प्रकार का आवासीय- व्यवसायिक निर्माण नहीं किया जाए। निगम कमिश्नर ने कहा- अवैध निर्माण पर समय रहते कदम नहीं उठाने पर जोन प्रभारी और इंजीनियर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
चार आर्किटेक्ट को नोटिस
इसी दौरान यह जानकारी सामने आई कि 4 आर्किटेक्ट द्वारा बनाए गए नक्शे और सुपरविजन के विपरीत निर्माण हुआ है, जबकि कम्पलिशन रिपोर्ट कुछ और है। तत्काल एक्शन लेते हुए निगम कमिश्नर के निर्देश पर भवन शाखा ने चार आर्किटेक्ट को प्रथम नोटिस जारी किया है। भवन निर्माण की अनुमति के लिए आर्किटेक्ट द्वारा तैयार नक्शा और सुपर विजन सर्टिफिकेट जमा करने बावजूद अवैध निर्माण होने पर आर्किटेक्ट विकास सिंह, मेघराज देवांगन, हर्षद गुप्ता और पंकज सोनी को नोटिस जारी किया गया है।
सुधार नहीं करने पर लाइसेंस होंगे निलंबित
शहर में अवैध निर्माण पाए जाने पर अब आर्किटेक्ट पर भी कार्रवाई की जाएगी। दो नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण जारी रहने या सुधार नहीं करने पर संबंधित आर्किटेक्ट का लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। ४ आर्किटेक्ट को प्रथम नोटिस भी जारी किया है। - अमित कुमार, निगम आयुक्त
Updated on:
28 Jun 2025 01:14 pm
Published on:
28 Jun 2025 01:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
