बिना मान्यता चल रहे प्राइवेट स्कूल, शिक्षा विभाग को जानकारी तक नहीं
बिलासपुर. जिले में शिक्षा विभाग की नाक के नीचे कुछ प्राइवेट स्कूल बिना मान्यता के ही चल रहे हैं। इनकी सुध तक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नहीं थी। इसका खुलासा सूचना के अधिकार के तहत हुआ। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने बिल्हा खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। गांव-गांव में प्राइवेट स्कूल खुल रहे हैं। कुछ स्कूल तो ऐसे हैं जो बिना मान्यता के ही चल रहे हैं। बिल्हा ब्लॉक में चल रहे दो ऐसे ही स्कूलों का खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता के जरिए हुआ। बिना मान्यता के संचालित होने वाले स्कूलों में त्रिशक्ति विद्यालय धौराभाठा और श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल मोहदा शामिल हैं। READ MORE : 5 तत्वों से बने पर्यावरण का संरक्षण बगैर प्रशिक्षण के असंभव : डॉ. भुज
दूसरे स्कूलों से जारी होती है मार्कशीट : आरटीआई कार्यकर्ता एस रानी जोशी ने बताया कि उक्त स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए तपस्वी कल्याणदास विद्या मंदिर और जीनियस कान्वेंट स्कूल मोहदा से मार्कशीट जारी किया जाता है। बिना मान्यता 4 साल से चल रहे स्कूल : धौराभाठा में त्रिशक्ति विद्यालय पिछले चार साल से संचालित हो रहा है। वहीं श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल को संचालित होते 3 साल हो चुके हैं। बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों की विभाग को खबर न होना विभाग की सक्रियता पर सवालिया निशान लगा रहा है। बिना मान्यता स्कूल संचालित करने पर हो सकता है 1 लाख रुपए जुर्माना : माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता लिए बिना किसी स्कूल का संचालन करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस तरह के संचालित स्कूलों पर 1 लाख रुपए जुर्माने का प्रावधान है। READ MORE : भाजपाइयों को चुनावी टिप्स देने के लिए झारखंड से पहुंची टीम
जांच के बाद होगी कार्रवाई : बिल्हा ब्लॉक के दोनों स्कूल बिना मान्यता के चल रहे थे। जांच के आदेश दिए गए हैं। बिना मान्यता वाले स्कूल पर 1 लाख रुपए जुर्माने का प्रावधान है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। बीएल पटेल, खंड शिक्षा, अधिकारी बिल्हा