बिलासपुर. रेलवे स्टेशन के डॉरमेट्री का उपयोग करने वाले यात्रियों को माह भर बाद थ्री स्टार हॉटलों वाली सुविधाएं मिलने लगेंगी। इसके लिए कम्पनी ने हैंडओवर लेने के बाद कार्य की शुरुआत कर दी है। अधिकारियों की माने तो एक माह में डॉरमेट्री बन कर तैयार हो जाएगी। इसके बाद रिटायरिंग रूम के कायाकल्प का कार्य शुरू होगा।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन में ट्रेन लेट होने या फिर अन्य कारणों से डॉरमेट्री हाल या रिटायरिंग रूम का उपयोग करने वाले यात्रियों को रेलवे थ्री स्टार हॉटल जैसी सुविधाएं प्रदान करने की घोषणा की थी। इस पर अमल होना शुरू हो गया है। पुणे की दिनशा एंड रंजित हॉटल मैनेजमेंट ने बिलासपुर के रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री हाल का टेंडर लिया है। 1 जुलाई से कम्पनी के संचालक रंजित सिंह चौहान ने डॉरमेट्री को हैण्ड ओवर लेते हुए कार्य की शुरुआत कर दी है। डॉरमेट्री को नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा, यहां आकर रूकने वाले यात्रियों को हर वह सुविधा मिलेगी जो एक थ्री स्टार हॉटल में मौजूद रहती है। मिली जानकारी के अनुसार 25 बैड वाले डॉरमेट्री हॉल को कायाकल्प करते हुए इसके चारों ओर 6 बाई 8 के कमरे तैयार किए जाएंगे। अन्य जगहों को बैठने और अन्य सुविधाओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। दीवारों पर कलर, टाइल्ट और पर्दे पर काम किया जाएगा। रेलवे ने डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम को थ्री स्टार की तर्ज पर विकसित करने का टेंडर दिया है। पहले चरण में डॉरमेट्री हॉल का कायाकल्प किया जाएगा उसके बाद रिटायरिंग रूम का कार्य शुरू होगा।