
छात्रों ने ऑफलाइन क्लासेज को ऑनलाइन से अच्छा बताया।
बिलासपुर. प्रदेश शासन द्वारा स्कूलों को 15 फरवरी से खोलने और 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं आयोजित करने के आदेश के 10 दिनों के भीतर तखतपुर के ग्राम पाली स्थित स्कूल से 3 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव हो गई। स्कूल को बंद कर दिया गया है। संयुक्त संचालक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूल खोलने के बाद कोविड-19 के संक्रमण से बचने केन्द्र व राज्य सरकार की गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश में संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग आरएस चौहान ने कहा है कि प्रदेश शासन ने 15 फरवरी से हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों को खोलने के निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के बाद स्कूलों को खोलने और कक्षाएं भी आयोजित की जा रही है। तखतपुर के पाली में पढ़ने आई 3 छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्कूल को सील किया गया है। इसके साथ ही 45 बच्चों की जांच भी कराई गई है। तखतपुर के पाली में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव आने की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए संभाग के सभी हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ने पहुंचने वाले बच्चों के स्वाथ्य का परीक्षण अच्छे से कराया जाए।
स्कूलों में प्रवेश के पहले विद्यार्थियों के शरीर का तापमान जांचा जाए। सभी बच्चों को 6 गज की दूरी में बिठाया जाए। स्कूल में सभी बच्चों को मास्क और सेनेटाइजर का उपयोग करते रहने और हाथो को समय-समय पर साबुन से धुलवाते रहने के निर्देश दिए गए । किसी बच्चों को स्वाथ्यगत परेशानी, सर्दी, खासी जुकाम या बुखार होने पर उसकी तत्काल जांच कराने और स्वास्थ्य मुहैया कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्वस्थ बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा आरएस चौहान ने कहा, तखतपुर के पाली स्कूल में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को ऐहतियात बरतने और केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 के लिए जारी गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
Updated on:
26 Feb 2021, 3:40 PM IST
Published on:
26 Feb 2021, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.