7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पुलिस कर्मियों पर हमला, 12 आरोपियों की तलाश, तखतपुर मार्ग पर कड़ी नाकेबंदी

तखतपुर रोड ग्राम काठाकोनी मुख्य मार्ग पर पुलिस ने कड़ी नाकेबंदी की और तखतपुर जाने वाले वाहनों की जांच करती रही।

3 min read
Google source verification
takhatpur

पुलिस कर्मियों पर हमला, 12 आरोपियों की तलाश, तखतपुर मार्ग पर कड़ी नाकेबंदी

बिलासपुर. तखतपुर में पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में केबिनेट मिनिस्टर मोहले के भतीजों को जेल भेजने के बाद पुलिस घटना में शामिल उनके 12 अन्य साथियों की सरगर्मी की तलाश कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया है। घटना के विरोध में प्रदर्शन की आशंका पर शुक्रवार को तखतपुर के साप्ताहिक बाजार व चौक-चौराहों पर 100 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात रहे। वहीं तखतपुर रोड ग्राम काठाकोनी मुख्य मार्ग पर पुलिस ने कड़ी नाकेबंदी की और तखतपुर जाने वाले वाहनों की जांच करती रही।
काठाकोनी में सुबह से देर शाम तक चली नाकेबंदी : एसपी के आदेश पर सकरी पुलिस ने शुक्रवार को सुबह 8 बजे से तखतपुर पहुंच मार्ग ग्राम काठाकोनी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की। चारपहिया वाहनों को रोककर पुलिस कर्मी वाहनों की जांच करते रहे। नाकेबंदी देर शाम तक चलती रही।
फरार आरोपियों को पकडऩे कई ठिकानों पर छापेमारी : घटना में घायल पुलिस कर्मी राजेश डाहिरे से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली गई। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी तरूण व निक्की के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों पर हमला करने वाले 12 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की। अब तक घायल आरक्षक व एसआई का बयान दर्ज नहीं किया जा सका है।

तखतपुर में पुलिस पर पहले भी हुए हमले : तखतपुर में सत्तापक्ष से जुड़े लोगों की दबंगई व पुलिस से मारपीट की घटना पहले भी हो चुकी। इनमें 1 मार्च 2018 को होली की रात हुई चर्चित घटना भी शामिल है।तखतपुर बस स्टैंड के एक होटल में कुछ युवक शराब पी रहे थे। मना करने पर होटल संचालक से युवकों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया, तो उन्हें छुड़ाने के लिए तखतपुर विधायक (संसदीय सचिव) राजू क्षत्री के बेटे विक्रम क्षत्री ने थाना प्रभारी वाईएन शर्मा को कॉल किया। एसआई वाईएन शर्मा ने होली तक पुलिस के कार्य में हस्तक्षेप नहीं करने की बात कही, तो विक्रम ने गाली-गलौज कर दी। कुछ देर बाद विधायक राजू क्षत्री ने कॉल करके आरोपियों को नहीं छोडऩे पर गाली गलौज की, और पिस्टल से गोली मारने की धमकी दी। बाद में राजू क्षत्री खुद थाने पहुंचे और दबंगई दिखाते हुए आरोपियों को जबरदस्ती छुड़ाकर ले गए थे। कुछ देर बाद थाना प्रभारी के शासकीय आवास के बाहर खड़ी कार में युवकों ने तोडफ़ोड़ कर दी।
मामला ये...: तखतपुर थाने में पदस्थ एसआई राकेश साहू व आरक्षक राजेश डाहिरे 4 जुलाई की रात गश्त पर थे। रात 2 बजे तखतपुर पुराना बस स्टैंड चौक पर लगभग 15-16 युवक शराब पीते बैठे थे। इनमें मुंगेली के पूर्व जनपद अध्यक्ष तरूण खाण्डेकर उसका छोटा भाई निक्की खाण्डेकर भी शामिल थे। एसआई राकेश व आरक्षक राजेश ने युवकों को शराब पीने से मना करते हुए घर जाने की हिदायत दी। तरूण और निक्की ने आरक्षक को अपने पद व पूर्व विधायक का बेटा होने की धौंस दिखाई। पुलिस कर्मियों ने उन्हें तेज आवाज में बात नहीं करने की समझाइश दी। इस बात पर विवाद बढ़ गया। तरूण व निक्की ने आरक्षक राजेश के गुप्तांग में लात मारी और उसे बेहोश होते तक पीटा। इस बीच पेट्रोलिंग गाड़ी से उतरकर एसआई राकेश बीच बचाव करने पहुंचे, आरोपियों ने एसआई से मारपीट कर हुए वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने पुलिस कर्मियों से उनके मोबाइल व नकदी रकम लूट लिया। इसके बाद एसडीओपी को कॉल करके कार्रवाई करने पर धमकी दी। मामले की जानकारी मिलने पर देर रात एसपी ने निर्देश दिए, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ धारा 186, 307, 332, 34, 353, 392 के तहत अपराध दर्ज किया गया। दूसरे दिन तड़के पुलिस ने आरोपी तरुण और निक्की को उनके घर से गिरफ्तार किया। अब वे जेल में हैं।

बड़ी खबरें

View All

बिलासपुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग