पत्रिका टॉपिक ऑफ द डे में सोमवार को महिलाओं की राजनीति में स्थिति पर चर्चा की गई। इस चर्चा में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री जयश्री शुक्ला ने कहा कि राजनीति में महिलाओं को अवसर कम मिलता है। जबकि आधी आबादी महिलाओं की है इसके बाद भी अवसर नहीं मिलता है। महिलाओं को हमेशा पुरुषों की लाइन से पीछे रखा जाता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में छवि बहुत महत्वपूर्ण होती है। किसी एक महिला की छवि खराब है तो दूसरों को भी उसी तरह समझना गलत होता है। कहते है ना एक गंदी मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है। लेकिन ऐसा समझना गलत है क्योंकि हर महिला के अपने संस्कार, अपनी संस्कृति व नैतिकता होती है। इसलिए सबको एक तरह से आंकना गलत होता है। उन्होंने महिलाओं को राजनीति में सक्रिय रूप से आगे आने के लिए आर्थिक रूप से सबल होने पर जोर दिया। क्योंकि आर्थिक कमी के कारण ही महिलाएं पीछे हो जाती है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सबल होने के बाद ही राजनीति में आना चाहिए। इससे वे सक्रिय रूप से राजनीति में कार्य कर सकती है।