बिलासपुर . शहर में जलस्तर गिरने और निर्माण कार्य के दौरान जगह-जगह पाइप लाइन टूटने के अलावा टूल्लू पंप से पानी खींचने की शिकायतें भी लगातार आ रही हंै। अमले की कमी और आसन्न जलसंकट से निबटने के कारण ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है, कहीं अड़धप में पानी चोरी करने का मामला पकड़ में आता भी है तो जनप्रतिनिधि उसे छोडऩे के लिए दबाव बनाने लगते हैं। नगर निगम के हेल्पलाइन में सर्वाधिक शिकायतें पाइप लाइन से टूल्लू पंप लगाकर पानी चोरी करने की आ रही है, जिसके कारण ऊपर के घरों तक पाइप लाइन से पानी ही नहीं पहुंच पा रहा है। तालापारा, मगरपारा, सरकंडा जबड़ापारा, गोड़पारा, कुदुदंड, जरहाभाठा समेत सभी जगह से शिकायत तो मिल रही है, लेकिन जलसंकट से जूझ रहे अमले के पास कार्रवाई के लिए न तो अमला है और न ही टाइम। विकास के नाम पर पाइप लाइन टूटने का दौर जारी है। शहर में चल रहे नाले-नालियों तथा सड़क निर्माण के दौरान लगातार पाइप लाइन टूटने के कारण जलसंकट और गहराते जा रहा है। सभी जगह मरम्मत कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन पुराने बस स्टैंड निराला नगर मोड़, तालापारा, तारबाहर समेत कहीं भी मरम्मत नहीं कराया गया है जिसके चलते अभी भी पाइप लाइन से पानी बह रहा है। मंगलवार और बुधवार की रात सड़क व पुलिया निर्माण के दौरान तोरवा धान मंडी रोड पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां भी पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। इसी तरह तेलीपारा में भी निर्माण कार्य के दौरान पाइप लाइन टूटने के कारण पानी सड़क से होकर नाले में बहता रहा। सरकंडा लोधी पारा में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह टूटी पाइप लाइन की अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई, नतीजतन चौड़ीकरण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भरा है और नाले में भी पानी बह रहा है लोगों को यहां पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है।