
अभिषेक बच्चन ने लगान फिल्म को किया था मना
Abhishek Bachchan Birthday: भारतीय सिनेमा के इतिहास में अगर कुछ कालजयी फिल्मों का नाम लिया जाए, तो आमिर खान की 'लगान' का नाम सबसे ऊपर आता है। साल 2001 में रिलीज हुई आशुतोष गोवारिकर की इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि ऑस्कर की दहलीज तक पहुंचकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के मुख्य किरदार 'भुवन' के लिए आमिर खान पहली पसंद नहीं थे? यह रोल सबसे पहले अभिषेक बच्चन को ऑफर किया गया था। जी हां! अभिषेक बच्चन को ये फिल्म सबसे पहले ऑफर हुई थी लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। आज अभिषेक अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज उनकी जिंदगी के इस फैसले के बारे में बात करते हैं जो मना करने के बाद उन्हें भी पछतावा होता होगा।
अभिषेक बच्चन का जन्म 5 फरवरी 1976 में हुआ था। वह बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और एक्ट्रेस जया बच्चन के बेटे हैं और ऐश्वर्या राय के पति है। अभिषेक बच्चन हमेशा से एक ऐसे परिवार में पले बढ़े हैं जिनसे एक्टिंग सीखने के लिए लोग तरसते हैं। ऐसे में आज तक अभिषेक बच्चन को एक सुपरस्टार का टैग नहीं मिल पाया। अगर वह 'लगान' को हां करते तो आज उनका करियर किसी और ही ऊंचाई पर होता।
निर्देशक आशुतोष गोवारिकर ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि जब लगाना फिल्म उन्होंने बनाने की सोची थी तो वह उन दिनों लगभग हर दूसरे दिन ही अभिषेक बच्चन के घर के चक्कर लगाया करते थे। उन्हें पूरा यकीन था कि जूनियर बच्चन इस किरदार में जान फूंक देंगे। गोवारिकर उन्हें मनाने की हर मुमकिन कोशिश कर रहे थे, लेकिन अभिषेक अपना मन बना चुके थे। वह इस 'एपिक' फिल्म का हिस्सा बनने के मूड में बिल्कुल नहीं थे।
जब अभिषेक बच्चन से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी ही ईमानदारी से अपना पक्ष रखा था। अभिषेक ने बताया, "सच कहूं तो मुझे पूरा यकीन था कि मैं उस वक्त 'भुवन' के रोल के लिए फिट नहीं था। मैं इंडस्ट्री में बिल्कुल नया था और 'लगान' जैसी विशाल और संजीदा फिल्म के लिए जो मैच्योरिटी चाहिए थी, वह शायद तब मुझमें नहीं थी। मुझे पता था कि यह एक महान फिल्म बनेगी, लेकिन मैं इसके भारी-भरकम किरदारों के बीच खुद को तैयार नहीं कर पा रहा था।"
अभिषेक ने आगे इस फिल्म को मना करने के पछतावे को लेकर कहा था कि मुझे बिल्कुल भी पछतावा नहीं है! मुझे बहुत खुशी है कि आमिर खान ने यह फिल्म की। उन्होंने भुवन के किरदार में जो जादू पैदा किया, वह शायद कोई और नहीं कर पाता। उन्होंने आगे एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए बताया था कि क्या आप जानते हैं कि 'द गॉडफादर' में मरलॉन ब्रैंडो से पहले वह रोल कई बड़े एक्टर्स को ऑफर हुआ था? लेकिन आज हम सिर्फ ब्रैंडो को याद रखते हैं। इसलिए जो फिल्में मैंने नहीं कीं, उन पर बात करना मुझे थोड़ा शर्मिंदा करता है। मैं उन कामों पर बात करना ज्यादा पसंद करता हूं, जो मैंने पर्दे पर किए हैं।"
बता दें, आज जब 'लगान' को रिलीज हुए दो दशक से ज्यादा का समय बीत चुका है, अभिषेक का यह खुलासा दिखाता है कि कभी-कभी एक कलाकार का 'ना' कहना भी सिनेमा के लिए कितना सही साबित हो सकता है। अगर अभिषेक 'हां' कह देते, तो शायद आज भारतीय सिनेमा को आमिर खान वाला वह ऐतिहासिक 'भुवन' न मिल पाता और अभिषेक बच्चन के करियर का ग्राफ कहीं और ही आसमान छू रहा होता।
वहीं,अभिषेक बच्चन की डेब्यू फिल्म 'रिफ्यूजी' है, जो साल 2000 में रिलीज हुई थी। जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में करीना कपूर खान के साथ अभिषेक ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी।
Updated on:
05 Feb 2026 11:23 am
Published on:
05 Feb 2026 08:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
