
Woman accuses actor Ajaz Khan of rape: अभिनेता एजाज खान पर एक बार फिर मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई के चारकोप पुलिस स्टेशन में एक एक्ट्रेस ने उनके खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले भी वह अपने वेब शो 'हाउस अरेस्ट' को लेकर विवादों में थे।
मुंबई के चारकोप पुलिस स्टेशन में एजाज के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज किया गया है। ये आरोप एक अभिनेत्री ने लगाए हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि एजाज ने शादी का झांसा देकर उनका यौन शोषण किया।
शिकायतकर्ता अभिनेत्री के अनुसार, एजाज खान ने उन्हें अपने वेब शो ‘हाउस अरेस्ट’ में बतौर होस्ट काम देने का ऑफर दिया था। शूटिंग के दौरान एजाज ने उन्हें प्रपोज किया और धर्म बदलकर शादी करने का वादा भी किया। लेकिन बाद में उन्होंने पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध उसका रेप किया। अभिनेत्री ने 4 मई की शाम चारकोप पुलिस थाने में यह शिकायत दर्ज कराई है।
एजाज खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है: धारा 64 (बलात्कार), धारा 64(2एम), धारा 69, धारा 74 (धोखाधड़ी व विश्वासघात)। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
एजाज खान पहले भी अपने वेब शो ‘हाउस अरेस्ट’ को लेकर विवादों में रहे हैं। उल्लू ऐप पर स्ट्रीम हुए इस शो को लेकर अश्लीलता फैलाने के आरोप लगे थे। शो के कुछ वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद लोगों और राजनीतिक संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पर संज्ञान लिया है। इसके बाद बीते कल उल्लू एप ने बजरंग दल से माफी मांगी थी।
शो के वायरल वीडियो में एजाज खान फीमेल कंटेस्टेंट्स से कैमरे के सामने कपड़े उतारने और मेल कंटेस्टेंट्स के साथ इंटीमेट पोज देने को कहते नजर आए थे। इस पर महिला आयोग ने एक्शन लेते हुए एजाज खान और उल्लू ऐप के सीईओ विभु अग्रवाल को 9 मई को समन भेजा है।
विवादों के बाद उल्लू ऐप ने अपने प्लेटफॉर्म से ‘हाउस अरेस्ट’ के सभी एपिसोड हटा लिए हैं। परंतु कानूनी कार्रवाई और जनआक्रोश के चलते एजाज खान की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं।
Updated on:
5 May 2025, 1:19 PM IST
Published on:
5 May 2025, 12:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.