
मंत्री आशीष शेलार ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद दिया बयान (Photo Souce- Twitter/@ANI)
Ashish Shelar On Tiger Shroff meeting: महाराष्ट्र के जुहू इलाके में बॉलीवुड के फेमस एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर सनसनीखेज फायरिंग हुई थी। इस मामले ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। इस हाई-प्रोफाइल घटना के बाद से लगातार राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और स्थानीय विधायक आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की थी। अब उन्होंने इस मुलाकात को लेकर बयान दिया है। मंत्री ने टाइगर की सेहत का हाल बताने के साथ-साथ इस घटना पर खुलकर अपनी बात भी रखी है।
घटना के बाद टाइगर श्रॉफ से मुलाकात करने पहुंचे मंत्री आशीष शेलार ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अभिनेता की मानसिक मजबूती की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी टाइगर से जो भी बात हुई, वह पूरी तरह से एक निजी और पारिवारिक बातचीत थी, जिसे सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए ताकि लोग उसका गलत मतलब न निकालें।
टाइगर की हिम्मत की तारीफ करते हुए मंत्री शेलार ने कहा,"मैं टाइगर श्रॉफ को हाल-फिलहाल से नहीं जानता, बल्कि उनके पूरे परिवार को लंबे समय से जानता हूं। वह मेरे निर्वाचन क्षेत्र में रहते हैं, इसलिए वह मेरे मतदाता भी हैं। एक अभिभावक मंत्री (Guardian Minister) और सरकार के हिस्से के रूप में यह मेरी जिम्मेदारी भी है। मैं उनसे मिला, और मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि टाइगर से बात करने के बाद मुझे लगा कि वह हर मायने में एक सच्चे 'टाइगर' हैं- यही उनकी मानसिकता है।"
इस गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य राहगीर (वीडियोग्राफर उमेश चौहान) गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंत्री आशीष शेलार ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि टाइगर जल्द से जल्द ठीक हो जाए। वह ठीक हो भी रहे हैं। और यही दुआ है कि उनके ड्राइवर और अन्य घायल व्यक्ति भी पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौटें।
मुंबई पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा जताते हुए मंत्री ने कहा कि पुलिस इस मामले की बहुत ही बारीकी और सही दिशा में जांच कर रही है। जल्द ही इस खौफनाक हमले के पीछे के असल आरोपी पकड़े गए हैं और लगातार जांच जारी है। वहीं, इस मुलाकात और बयान के बाद यह साफ हो गया है कि राज्य सरकार इस सुरक्षा चूक को लेकर बेहद गंभीर है और अभिनेता के परिवार को पूरा समर्थन मिल रहा है।
Updated on:
23 Oct 2026, 7:20 AM IST
Published on:
23 Oct 2026, 6:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.