
अनीता कंवल ने अपनी आर्थिक तंगी को लेकर फेल रही खबरों पर चुप्पी तोड़ी (Photo Source- Instagram/@anitakanwal_actor)
Anita Kanwal react on financial crisis news: टीवी और फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री अनीता कंवल (Anita Kanwar) इन दिनों मीडिया में चल रही कुछ रिपोर्ट्स को लेकर बेहद आहत और गुस्से में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ न्यूज चैनलों पर ऐसी खबरें तेजी से वायरल हुई थीं जिनमें दावा किया जा रहा था कि 72 साल की अभिनेत्री गंभीर आर्थिक तंगी (Financial Crisis) से गुजर रही हैं और लोगों से पैसों की मदद चाहती हैं। इन सभी सनसनीखेज खबरों से परेशान होकर अब खुद अनीता कंवल खुलकर सामने आई हैं और अपनी भड़ास निकाली है।
अनीता कंवल ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने अपने गुस्से और दर्द को बयां किया है। उन्होंने बताया कि सुबह के करीब 3:45 बज रहे थे और वह जग रही थीं क्योंकि उनके बारे में फैलाई गई इन झूठी खबरों ने उनकी नींद उड़ा दी थी। अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि यह पूरा विवाद लगभग छह महीने पहले पत्रकार विक्की लालवानी को दिए गए उनके एक पुराने इंटरव्यू से जुड़ा हुआ है।
अनीता कंवल ने बताया कि उस इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया था कि यदि उनके पास कोई काम या नियमित आय न हो, तो वह अपनी बचत से कितने समय तक वित्तीय रूप से गुजारा कर पाएंगी। इस पर अनीता ने जवाब दिया था कि वह बिना किसी कमाई के भी लगभग एक से डेढ़ साल तक अपना खर्च संभाल सकती हैं। लेकिन कुछ चैनलों और पोर्टल्स ने इस बात को पूरी तरह तोड़-मरोड़ कर पेश किया।
अभिनेत्री ने गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा, "ऐसे लिख रहे हैं कि मैं भीख मांग रही हूं लोगों से। यह बहुत गलत बात है! ऐसे क्यों दिखा रहे हैं कि अनीता पैसे की तंगी में है? मैं बिल्कुल भी तंगी में नहीं हूं।"
72 साल की अभिनेत्री ने दो-टुक्क शब्दों में कहा कि वह एक बेहद इज्जतदार और संपन्न परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने अपनी सूझबूझ से अपने भविष्य को आर्थिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित किया हुआ है और वह अगले 10 सालों तक बिना किसी परेशानी के अपना खर्च उठाने में सक्षम हैं। अनीता ने यह भी बताया कि उस पुराने इंटरव्यू के बाद से हालात काफी बदल चुके हैं। उन्हें एक फिल्म प्रोजेक्ट मिल गया है, इंस्टाग्राम पर ब्रांड कोलेबोरेशन के ऑफर्स आ रहे हैं और उन्होंने हाल ही में अपनी खुद की स्वतंत्र रील ड्रामा सीरीज भी बनाई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह अपने बच्चों तक से आर्थिक मदद नहीं लेतीं, तो वह किसी और से मदद क्यों लेंगी? वीडियो के आखिर में उन्होंने मीडिया और ट्रोल्स से अपील करते हुए कहा, "इस उम्र में मेरे नाम को इस तरह से बदनाम मत करिए।" अनीता कंवल के इस बेबाक बयान के बाद उनके फैंस और कई अन्य कलाकार भी उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं और इस तरह की सनसनीखेज पत्रकारिता की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
Updated on:
21 Oct 2026 10:27 am
Published on:
21 Oct 2026 10:12 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
