अभिनेत्री सुष्मिता सेन मां काली की परम भक्त हैं। बंगभाषी दीवाली के दिन देवी काली की भी आराधना करते हैं। सुष्मिता को अपने दोस्तों के लिए खरीदारी करने में बहुत मजा आता है, ‘सच कहूं, तो मेरी यह शॉपिंग बहुत पहले से शुरू हो जाती है। यूं तो हमारे यहां दुर्गा पूजा पर भी उपहार देने का रिवाज है, पर दीवाली मेरे लिए स्पेशल बन जाती है। मेरे दोस्तों की लंबी फेहरिस्त है। इसके अलावा कई सामाजिक संगठन हैं, जिनके जरिए या खुद मैं अपनी शुभकामनाएं आम आदमी तक पहुंचाने की कोशिश करती हूं। इनकी पसंद और रुचि के मुताबिक इस मौके पर इन्हें कुछ गिफ्ट देना मुझे पसंद है। यही वजह है कि दीवाली के तीन-चार माह पहले से मैं थोड़ा-थोड़ा करके यह खरीदारी शुरू कर देती हूं।’
सलमान खान का गिफ्ट देने का अंदाज बहुत निराला है। मूड होता है, तो स्पॉट बॉय को महंगी घड़ी देेने से भी नहीं चूकते। उनकी शॉपिंग ज्यादातर उनके परिवार के सदस्य करते हैं। उनके कई प्रशंसक उन्हें जो महंगे गिफ्ट देते हैं, उसे किसी जरूरतमंद को देने में सल्लू कोई संकोच नहीं करते हैं। इसके अलावा अपनी आउटडोर शूटिंग के दौरान तरह-तरह की घड़ी, टी-शर्ट और जींस खरीदने का उन्हें शौक है। इनमें से ज्यादातर चीजें अंतत: उनके दोस्तों और करीबियों के बीच ही बंट जाती है।