
विद्युत जामवाल और उनकी मां।
'क्रैक' मूवी के एक्टर विद्युत जामवाल अपनी फिल्म के रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। आज यानी शुक्रवार को उनकी मूवी का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। मूवी में उनके बहुत ही खतरनाक एक्शन सीन है। मूवी में विद्युत के अलावा अर्जुन रामपाल विलेन की भूमिका में है। वहीं एक्ट्रेस नोरा फतेही और एमी जैक्सन भी फिल्म का हिस्सा है। ट्रेलर रिलीज के मौके पर उन्होंने अपनी मां के बारे में भी बात की।आइए जानते हैं एक्टर ने क्या कहा?
फिल्म 'क्रैक' की रिलीज का इंतजार कर रहे अभिनेता विद्युत जामवाल ने कहा कि जब भी वह घर से कोई एक्शन सीक्वेंस शूट करने के लिए निकलते हैं तो उनकी मां उनके लिए प्रार्थना करती हैंं।
माताएं “क्रैक” होती हैं…
एक्टर अपने अपकमिंग होम प्रोडक्शन मूवी ‘क्रैक’ के ट्रेलर रिलीज के मौके पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके लिए 'क्रैक' का क्या मतलब है। अभिनेता ने मीडिया को बताया कि वह इस शब्द को निगेटिव अर्थों से नहीं देखते हैं।
इसी सिलसिले में बात करते हुए उन्होंने मजाक में कहा कि माताएं भी "क्रैक" होती हैं क्योंकि मां के लिए बच्चे की भलाई बहुत जरूरी होती है और उनका सारा ध्यान बस बच्चों पर रहता है।
सुबह से करने लगती है पूजा
एक्टर ने कहा कि “जब भी एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग होती है तो मेरी मां सुबह 5:30 बजे पूजा शुरू कर देती हैं और वो तब तक पूजा करती हैं जब तक शूट चलता है। शूट चलता रहता है और उनकी पूजा भी चलती रहती है। और पूजा तभी खत्म होती है जब उस दिन का पैक अप होता है।” बता दें कि विद्युत की मां का नाम विमला जामवाल है।
इस बीच फिल्म के बारे में बात करते हुए विद्युत ने कहा कि 'क्रैक' के साथ, उनका विजन भारतीय सिनेमा में सबसे बड़ी स्पोर्ट्स एक्शन थ्रिलर पेश करना था।
23 फरवरी को मूवी होगी रिलीज
मूवी में अर्जुन रामपाल, नोरा फतेही और एमी जैक्सन ने भी अहम भूमिका निभाई है। विद्युत जामवाल और एक्शन हीरो फिल्म्स ने इसे प्रोड्यूस किया है। आदित्य दत्त ने इसकी स्क्रिप्ट को लिखा है साथ ही इसे डायरेक्ट भी किया है। यह फिल्म 23 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
Published on:
9 Feb 2024, 7:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.