किशोर साहू मूलत: लेखक थे। उस दौर के हिन्दी साहित्य में मोहन राकेश, निर्मल वर्मा, कमलेश्वर, धर्मवीर भारती, कृष्णा सोबती, मन्नू भंडारी और राजेंद्र यादव के साथ उन्हें भी प्रमुख कहानीकारों में गिना जाता था। वे राजनंदगांव (छत्तीसगढ़) में पले-बढ़े। यह शहर कभी रेडियो पर गानों की फरमाइश भेजने में झूमरी तलैया (झारखंड) से टक्कर लेता था। चालीस के दशक में किशोर साहू लेखक, निर्देशक और अभिनेता के तौर पर फिल्मों से जुड़े। उनके निर्देशन में बनी 'नदिया के पार' (1948) दिलीप कुमार के शुरुआती दौर की सबसे कामयाब फिल्मों में गिनी जाती है। किशोर साहू ने जब अपनी कहानी पर 'दिल अपना और प्रीत पराई' बनाने का फैसला किया तो कई निर्माताओं को त्रिकोणीय प्रेम वाली कहानी पसंद नहीं आई। उनका कहना था कि रईस युवती से शादी के बाद नायक डॉक्टर के पूर्व प्रेमिका नर्स के साथ रिश्ते कायम रखने को समाज स्वीकार नहीं करेगा। आखिरकार कमाल अमरोही निर्माता बनने को तैयार हुए, जो उन दिनों अपनी पत्नी मीना कुमारी को लेकर 'पाकीजा' बना रहे थे।