इस बार हैंडपंप नहीं बैलगाड़ी का पहिया उठाए दिखे ‘तारा सिंह’, ‘गदर 2’ का फर्स्ट लुक हुआ रिलीज
जब से गदर फिल्म के स्कीवल की घोषणा हुई है तभी से हर कोई फिल्म का इंतजार कर रहा है। अब फिल्म से सनी देओल का फर्स्ट लुक सामने आ गया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘गदर’ (Gadar) ने दर्शकों के दिलों पर खास छाप छोड़ी थी। फिल्म आज भी लोगों के जेहन में उसी तरह बनी हुई है। अब फिल्म का दूसरा पार्ट आने वाला है, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। फिल्म 2023 में ही रिलीज होगी। अब फिल्म से सनी देओल का फर्स्ट लुक सामने आया है। इस बार तारा सिंह बैलगाड़ी के पहिए के साथ नजर आ रहे हैं।
हाल ही में जी स्टूडियो की तरफ से एक वीडियो क्लिप साझा की गई है। इसमें इस साल रिलीज होने वाली फिल्मों की झलक दिखाई गई है। इनमें गदर के अलावा अजय देवगन की 'मैदान', सोनू सूद की 'फतेह' और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की 'हड्डी' जैसी कई फिल्में भी शामिल हैं।
वीडियो में दिखाई गई झलक में सनी देओल बैलगाड़ी का पहिया हाथ में उठाए दुश्मनों से लड़ते नजर आ रहे हैं। ये सीन देखकर आपको फिल्म के पहले पार्ट में दिखाया हैंडपंप वाला सीन याद आ जाएगा।