
हनुमान अंश की तेलुगु रिलीज पर मंडराया संकंट (Photo Source- Twitter/@123telugu)
Hanuman Ansh Telugu Release To Be Deferred?: बॉलीवुड की भक्तिमय ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हनुमान अंश' इन दिनों देश-दुनिया में अपनी ऐतिहासिक सफलता के झंडे गाड़ रही है। महज 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म वैश्विक स्तर पर 300 करोड़ रुपये के भव्य आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है। हालांकि, हिंदी सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ कमाई करने के बाद फिल्म का तेलुगु वर्जन अनाउंस किया गया था। कहा जा रहा था कि ये 18 सितंबर को तेलुगु में भी रिलीज की जाएगी, लेकिन अब तेलुगु रिलीज गंभीर संकट में फंसती हुई नजर आ रही है। 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए शेड्यूल की गई इस फिल्म को एक के बाद एक कई बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हैदराबाद में 15 सितंबर को होने वाला तेलुगु टीजर लॉन्च इवेंट स्थगित कर दिया गया है, जिससे फिल्म की रिलीज पर संदेह पैदा हो गया है। ऐसी अफवाह है कि त्रिविक्रम ने किसी कारणवश फिल्म से किनारा कर लिया है, जिसके चलते फिल्म की रिलीज टाली जा रही है। हालांकि, त्रिविक्रम और फिल्म यूनिट ने इस बारे में (हनुमान अंश की तेलुगु रिलीज) कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। निर्माताओं की ओर से भी रिलीज डेट में बदलाव को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।
टीजर व प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द: 14 और 15 सितंबर को आयोजित होने वाला टीजर लॉन्च और प्रेस वार्ता अंतिम समय में बिना किसी आधिकारिक कारण के रद्द कर दिए गए हैं।
ट्रेलर का न आना: रिलीज से महज दो दिन पहले तक फिल्म का कोई तेलुगु ट्रेलर जारी नहीं किया गया है, जो किसी भी डब फिल्म के प्रचार का सबसे अहम जरिया होता है।
प्रेजेंटर के हटने के बाद निर्माताओं के सामने नया डिस्ट्रीब्यूटर ढूंढने की चुनौती तो है ही, साथ ही फिल्म को अभी तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट भी नहीं मिला है। नियमों के मुताबिक बिना सेंसर सर्टिफिकेट के कोई भी फिल्म सिनेमाघरों में नहीं उतर सकती। 18 सितंबर की तारीख सिर पर है, ऐसे में इतनी जल्दी प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी होना लगभग असंभव लग रहा है।
हालांकि त्रिविक्रम अब तेलुगु फिल्म से जुड़े नहीं हैं, फिर भी कुछ सूत्रों के अनुसार फिल्म 18 सितंबर को तय समय पर रिलीज हो सकती है। लेकिन इसे फॉर्च्यून फोर सिनेमाज के माध्यम से रिलीज नहीं किया जाएगा। वहीं, फिल्म निर्माताओं ने अभी तक इस बदलाव के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है और न ही यह घोषणा की है कि तेलुगु रिलीज का काम अब कौन संभालेगा।
प्रचार की कमी के अलावा, ट्रेड एक्सपर्ट्स एक और चुनौती की तरफ इशारा कर रहे हैं। फिल्म उत्तर भारत के प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा के जीवन और महिमा पर आधारित है। हालांकि दक्षिण भारत में आध्यात्मिक फिल्मों का हमेशा स्वागत होता है, लेकिन तेलुगु भाषी राज्यों में नीम करोली बाबा को लेकर उतनी व्यापक जागरूकता नहीं है जितनी उत्तर भारत में है। इसके अलावा, फिल्म का हिंदी संस्करण पहले से ही तेलुगु राज्यों में चल रहा है, जिससे कई उत्सुक दर्शक पहले ही इसे देख चुके हैं।
Updated on:
16 Sept 2026 01:16 pm
Published on:
16 Sept 2026 01:16 pm
