
padmavati
फिल्मकार संजय लीला भंसाली ने उन अफवाहों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया है कि आगामी फिल्म 'पद्मावती' में रानी पद्मावती और आक्रमणकारी अल्लाउद्दीन खिलजी के बीच रोमांटिक ड्रीम सीक्वेंस है। भंसाली ने कहा, "दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह द्वारा निभाए गए पात्रों के बीच कोई बातचीत नहीं है।" उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्डिग से इस बात की घोषणा की है कि रानी पद्मावती और खिलजी के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ है।
भंसाली के करीबी एक सूत्र ने कहा, "हम इस बात को साफ कर रह रहे हैं कि दीपिका और रणवीर में कोई ड्रीम सीक्वेंस नहीं है। उन्होंने एक दिन भी 'पद्मावती' की शूटिंग साथ नहीं की। हमें नहीं पता कि दोनों के साथ होने की अफवाह किसने शुरू की।" उन्होंने कहा, "यह अफवाह परियोजना के लिए हानिकारक साबित हुई और भंसाली इससे बहुत आहत हुए।" फिल्मफेयर के लिए एक नवीनतम साक्षात्कार में रणवीर सिंह ने यह भी कहा था कि दीपिका के साथ उनका कोई दृश्य नहीं है।
भंसाली ने अपने वीडियो में यह भी कहा, 'मैंने फिल्म 'पद्मावती' बेहद ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी से बनाई है। मैं रानी पद्मावती की कहानी से हमेशा से बेहद प्रभावित रहा हूं। यह फिल्म उनकी वीरता और आत्म बलिदान को नमन करती है। कुछ अफवाहों की वजह से यह फिल्म विवादों का मुद्दा बन गई है। अफवाह यह है कि फिल्म में रानी 'पद्मावती' और अलाउदीन खिलजी के बीच कोई ड्रीम सीक्वंस दर्शाया गया है। मैंने इस बात को पहले ही नकारा है और लिखित प्रमाण भी दिया है।'
संजय आगे कहते हैं, 'आज इस विडियो के माध्यम से मैं एक बार फिर से दोहरा रहा हूं कि हमारी फिल्म में रानी 'पद्मावती' और अलाउदीन खिलजी के बीच ऐसे कोई भी सीक्वंस नहीं है, जो किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाए और जज्बातों को तकलीफ हो। हमने इस फिल्म को बहुत ही जिम्मेदारी से बनाया है। राजपूत मान-मर्यादा का पूरा खयाल रखा है।'
Updated on:
09 Nov 2017 02:20 pm
Published on:
09 Nov 2017 01:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
