
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- @tahirjasus)
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जहां एक तरफ पुलिस इस मामले की परतें खोलने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर इस केस पर अब बॉलीवुड से भी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। ड्रामा क्वीन राखी सावंत ने इस पूरे मामले पर ऐसा बयान दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। राखी ने मजाकिया अंदाज में लोगों को शादी और प्यार से दूर रहने की सलाह तक दे डाली।
राखी सावंत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि आजकल प्यार करना भी खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने हंसते हुए कहा, 'प्यार करोगे तो लड़की पहाड़ पर ले जाकर धक्का दे देगी। शादी मत करो, प्यार मत करो।' हालांकि उन्होंने ये बात हल्के-फुल्के अंदाज में कही, लेकिन इसके पीछे उन्होंने बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई।
राखी ने कहा कि हर सुबह कोई न कोई सनसनीखेज वारदात सुनने को मिलती है। कभी ब्लू ड्रम हत्याकांड, कभी हत्या, कभी दुष्कर्म तो कभी किसी को पहाड़ से धक्का देने की खबर। उनका कहना था कि समाज में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और लोगों को रिश्ते बनाते समय बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि यदि किसी रिश्ते में लगातार झगड़े, धोखा या गंभीर मतभेद दिखाई दें तो उस रिश्ते से सम्मानपूर्वक बाहर निकल जाना ही बेहतर है। ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेज पर राखी सावंत के ये वीडियोज शेयर किए गए हैं।
इसी बीच केतन अग्रवाल केस में भी जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बड़ा दावा किया कि शादी तय होने से पहले ही उन्होंने सिया गोयल के परिवार को बता दिया था कि उनका बेटा सिर पर छोटा-सा विग पैच इस्तेमाल करता है। उनका कहना है कि यह बात किसी से छिपाई नहीं गई थी, ऐसे में अगर इसे हत्या की वजह बताया जा रहा है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
विशाल अग्रवाल ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाएगी। साथ ही जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया है।
हालांकि अब तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर ये नहीं कहा है कि विग या हेयर पैच इस हत्या की वजह था। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष सबूतों के आधार पर ही निकाला जाएगा।
जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर लोहागढ़ किले पर केतन को बुलाया और वहीं वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब दोनों के मोबाइल रिकॉर्ड, चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है। वहीं सिया के परिवार और केतन के परिवार के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए हैं, जिनकी भी पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
27 Jun 2026 01:09 pm
Published on:
27 Jun 2026 10:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
