
धुरंधर 2 और राम गोपाव वर्मा की इंस्टाग्राम से ली गई तस्वीर
Ram Gopal Varma On Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इस समय बॉक्स ऑफिस तूफानी कमाई कर रही है। फिल्म को रिलीज हुए महज 11 दिन ही हुए हैं और इसमें दुनियाभर में 1361.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है। जहां एक तरफ दर्शक इस स्पाई-थ्रिलर के दीवाने हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (RGV) ने इंडस्ट्री के बड़े दिग्गजों की 'खामोशी' पर तीखा हमला बोला है। जैसे ही उनका बयान सामने आया हर कोई हैरान रह गया। कुछ लोग इससे खुश नजर आए तो कुछ ने राम गोपाल वर्मा की आलोचना की।
राम गोपाल वर्मा अक्सर अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। वह शुरूआत से ही फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। एक बार फिर उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर शेयर किया और डायरेक्टर आदित्य धर की तारीफ की। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के बाकी फिल्ममेकर्स को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, "जब आदित्य धर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री की नाक के नीचे इतना बड़ा धमाका किया है, तो हर तरफ सन्नाटा क्यों पसरा है? क्या इस धमाके की गूंज से सब आउटर स्पेस में चले गए हैं या फिर लोग आपस में फुसफुसा रहे हैं कि यह सिर्फ एक 'प्रोपेगेंडा' है जो जल्द खत्म हो जाएगा? क्या वह सिर्फ इसलिए चुप हैं ताकि अपनी वही पुरानी घिसी-पिटी फिल्में दोबारा बनाना शुरू कर सकें?"
राम गोपाल वर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री के लोगों को इस फिल्म को एक 'फ्रेश कोर्स' की तरह देखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा, "क्या 'धुरंधर 2' जैसी डायनासोर के बराबर की फिल्म को इग्नोर करना समझदारी है? जो आपके सामने खड़ी है और आपके पैरों तले जमीन हिला रही है, उससे मुंह फेरना बेवकूफी है। अगर फिल्ममेकर्स ने खुद को एजुकेट नहीं किया और इस नए सिनेमा को गंभीरता से नहीं लिया, तो वह जल्द ही आउटडेटेड हो जाएंगे और 'पुराने सिनेमा के कब्रिस्तान' में दफन हो जाएंगे।"
बता दें कि राम गोपाल वर्मा हाल ही में आदित्य धर और यामी गौतम से उनके घर पर मिलने पहुंचे थे। वहां की एक फोटो शेयर करते हुए उन्होंने आदित्य को 'असली हमजा' (फिल्म का मुख्य किरदार) बताया था। उन्होंने मजाकिया लेकिन तल्ख लहजे में कहा था, "फिल्म में रील हमजा (रणवीर सिंह) ने आतंकवादियों का खात्मा किया, लेकिन रियल हमजा (आदित्य धर) तो भारतीय फिल्ममेकर्स को तबाह कर रहे हैं। आतंकवादी तो जान बचाकर भाग सकते हैं, लेकिन फिल्ममेकर्स आदित्य के टैलेंट से बचकर कहां भागेंगे?"
हालांकि, रामू का गुस्सा अपनी जगह है, लेकिन एसएस राजामौली, करण जौहर, ऋतिक रोशन, अल्लू अर्जुन और रजनीकांत जैसे बड़े सितारों ने सोशल मीडिया पर फिल्म की जमकर तारीफ की है। करण जौहर ने तो यहां तक कहा था कि यह नया डायरेक्टर बॉक्स ऑफिस तोड़कर घुसेगा। फिलहाल, 'धुरंधर 2' की यह आंधी रुकने का नाम नहीं ले रही है और राम गोपाल वर्मा के इस बयान ने सोशल मीडिया पर 'असली बनाम बनावटी' सिनेमा की नई बहस छेड़ दी है।
Updated on:
30 Mar 2026 10:17 am
Published on:
30 Mar 2026 10:17 am
