
धुरंधर डायरेक्टर पर असली एसपी चौधरी की पत्नी का बयान
Chaudhry Aslam wife Noreen Khan: आदित्य धर की फिल्म'धुरंधर 2' जहां बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं फिल्म के किरदार की तारीफ भी भारत से लेकर पाकिस्तान में की जा रही है। फिल्म में पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी इलाके के गैंगवॉर और रहमान डकैत के खौफ को आदित्य धर ने शानदार तरीके से दिखाया है। लेकिन इस पूरी कहानी में जिस किरदार ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान अपनी तरफ खींचा हैं वह है जांबाज पुलिस अफसर एसपी चौधरी असलम हैं। जिसे संजय दत्त ने शानदार तरीके से निभाया है। लेकिन असली असलम चौधरी की पत्नी नौरीन खान ने फिल्म के कुछ दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जताई है। नौरीन का कहना है कि फिल्म में उनके पति की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा है कि वह आदित्य धर पर केस करेंगी।
नौरीन खान ने भास्कर संग खास बातचीत की। इस दौरान नौरीन खान ने बताया कि फिल्म देखना उनके लिए बहुत भावुक कर देने वाला पल था। उन्होंने संजय दत्त की तारीफ करते हुए कहा कि कुछ सीन्स में तो ऐसा लगा जैसे उनके पति असलम उनके सामने खड़े हों। लेकिन फिल्म के कुछ दृश्यों ने उन्हें काफी दुख पहुंचाया है। नौरीन ने कहा, "फिल्म में दिखाया गया है कि असलम बलूच बच्चों को पीटते हैं और वह बलूचों के दुश्मन हैं। यह बिल्कुल गलत है। मेरे पति सिर्फ अपराधियों के खिलाफ थे, उन्होंने कभी आम लोगों या बच्चों के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया।"
नौरीन ने असलम की बहादुरी के किस्से याद करते हुए बताया कि उनके पति को तालिबान से सीधी धमकियां मिलती थीं। 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' ने उन्हें रास्ते से हटने को कहा था, लेकिन वह पीछे नहीं हटे। नौरीन ने बताया, "वह हमेशा कहते थे कि मैं गोली से नहीं, बम धमाके में मरूंगा और अंत में वही हुआ। बलूचों वाले विवादित डायलॉग पर उनकी पत्नी ने कहा, 'मेरे पति बलूचों के विरोधी नहीं थे। आज भी ल्यारी में कई लोग उनका सम्मान करते हैं। 200 बलूच महिलाएं उनकी पुण्यतिथि पर हमारे घर आई थीं। वह केवल अपराधियों के खिलाफ थे, उन्होंने कभी आम लोगों को परेशान नहीं किया। भले ही वह बलूच हों या नहीं।"
नौरीन खान इस बात से भी नाराज हैं कि फिल्म बनाने से पहले डायरेक्टर आदित्य धर ने उनके परिवार से कोई अनुमति नहीं ली। उन्होंने घोषणा की है कि वह मेकर्स से 25 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग करेंगी। नौरीन ने कहा, "मैं उनसे 25 करोड़ रुपये मुआवजा मांगूंगी। अगर फिल्म 1500 करोड़ रुपए कमा चुकी है, तो 25 करोड़ उसके मुकाबले बहुत छोटी रकम है। लोगों ने तो मुझे यह भी कहा है कि कुल कमाई का 40% लेना आपका हक है। आदित्य धर खुद मान जाते हैं तो ठीक है, नहीं तो मैं कोर्ट के जरिए कार्रवाई करूंगी।'
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने भारत में 1,000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। हालांकि, अब इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। 21वें दिन फिल्म ने करीब 7.90 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। अब तक भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन ₹1,041.27 करोड़ हो चुका है।
भारी कमाई के बावजूद, इस कानूनी विवाद और मानहानि के आरोपों ने फिल्म के मेकर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि आदित्य धर इस मामले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
Updated on:
09 Apr 2026 12:07 pm
Published on:
09 Apr 2026 12:07 pm
