
सुनीता आहूजा पहुंची भांजे कृष्णा अभिषेक के घर (Photo Source- Instagram Video/namastebollywood.in)
Sunita Ahuja Krushna Abhishek house: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा (Govinda) का परिवार पिछले काफी समय से पारिवारिक खटास और आपसी मतभेदों को लेकर सुर्खियों में रहा है। मामा गोविंदा और भांजे कृष्णा अभिषेक (Krushna Abhishek) के बीच आई दूरियों से हर कोई वाकिफ है। लेकिन इस गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर जो इतने सालों में नहीं हुआ था वो हो गया। सुनीता आहूजा सालों पुरानी नाराजगी खत्म कर पहली बार भांजे कृष्णा के घर पहुंची। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे यशवर्धन भी साथ दिखे। दोनों परिवार ने गणेश चतुर्थी बेहद धूमधाम से मनाई और कृष्णा ने मीडिया से बात भी की।
गणेशोत्सव के दौरान सुनीता आहूजा जब कृष्णा अभिषेक के घर पहुंचीं तो वहां का माहौल बेहद खुशनुमा और भावुक नजर आया। कृष्णा अभिषेक ने मीडिया और पैपराजी से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "हमारी नाराजगी खत्म होने के बाद मामी पहली बार हमारे घर आई हैं। हम बाहर तो एक-दूसरे से मिल रहे थे, लेकिन घर पर आना-जाना नहीं हो पा रहा था, जो अब बप्पा के आशीर्वाद से हो गया है। मैं बहुत खुश हूं।"
वीडियो में सुनीता आहूजा भी अपने भांजे के परिवार और बच्चों के साथ बेहद खुश, हंसती-मुस्कुराती और तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं। जैसे ही सुनीता आहूजा का कृष्णा अभिषेक के घर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, फैंस ने कमेंट्स की बौछार कर दी। जहां कई लोग इस पारिवारिक मिलन को देखकर बेहद खुश नजर आए, वहीं बड़ी संख्या में नेटिजन्स ने कमेंट करके सवाल पूछना शुरू कर दिया कि गोविंदा इस मुलाकात में क्यों शामिल नहीं हुए और वे कहां हैं?
इसी बीच गोविंदा का भी एक अलग वीडियो सामने आया, जिसमें वह अपने बेटे यशवर्धन आहूजा (Yashvardhan Ahuja) के साथ एक अन्य गणेश महोत्सव के पंडाल में बप्पा का दर्शन और आरती करते हुए नजर आए। हालांकि, गोविंदा और कृष्णा के बीच की दूरी पूरी तरह खत्म हुई है या नहीं, इसे लेकर अब भी फैंस के बीच उत्सुकता बनी हुई है। लेकिन कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के साथ सुनीता आहूजा की बॉन्डिंग फैंस को बेहद पसंद आ रही है।
बता दें, हाल ही में सुनीता आहूजा अपने घर गणपति बप्पा लेकर आई थीं, इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी टीना थी गोविंदा नहीं। जब लोगों ने वीडियो देखा तो सवाल उठाए थे, जिसके जवाब में सुनीता ने बताया था कि गोविंदा अमेरिका गए हुए हैं। वहीं, देर रात गोविंदा अमेरिका से लौटे और सीधा सुनीता आहूजा के घर पहुंचे थे। जहां उन्होंने बेटी टीना और बेटे यशवर्धन के साथ बप्पा की आरती की थी। उस दौरान सुनीता आहूजा परिवार के साथ नजर नहीं आई थीं। जिसे लेकर फिर कपल का रिश्ता सुर्खियो में आ गया था।
वहीं, गोविंदा और सुनीता का रिश्ता बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है। पिछले महीने सुनीता अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ मुंबई फैमिली कोर्ट में नजर आई थीं। बाद में गोविंदा के मैनेजर ने साफ किया था कि 2 साल पहले सुनीता ने जो तलाक की अर्जी दी थी वो अब वापिस ले ली है। जिसके बाद राखी सावंत संग फोन पर सुनीता आहूजा ने खुलासा किया था कि गोविंदा दूसरी शादी करने वाले थे जिस वजह से उन्हें तलाक की याचिका वापस लेनी पड़ी।
Updated on:
19 Sept 2026 08:17 am
Published on:
19 Sept 2026 08:07 am
